हिमाचल में महिलाएं होंगी सशक्त

By: Mar 9th, 2018 12:20 am

अंतरराष्ष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री का ऐलान, कानूनी तौर किया जाएगा मजबूत

शिमला— मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने गुरुवार को अंतरराष्ष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर होटल पीटरहॉफ में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता और महिला एवं बाल विकास निदेशालय के संयुक्त तत्त्वावधान में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में कहा कि प्रत्येक क्षेत्र में महिला नेतृत्व तथा उनके आर्थिक सशक्तिकरण को बढ़ावा देना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। सभी क्षेत्रों में महिलाओं की समान भागीदारी तथा नेतृत्व के माध्यम से सत्त विकास पर बल दिया जा रहा है।  उन्होंने कहा कि इस वर्ष के अभियान का विषय ‘प्रेस फॉर प्रोग्रेस’ वर्तमान समय में प्रासंगिक है, क्योंकि आज सभी क्षेत्रों में महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण, लैंगिक समानता, महिला सशक्तिकरण तथा उत्थान की ओर क्षेत्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रयास व प्रगति दर्ज की गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार महिला सशक्तिकरण के लिए कदम उठा रही है, ताकि महिलाओं को उनके अधिकारों से सशक्त किया जा सके। प्रत्येक जिले में माह में दो बार चुनी गई महिला प्रतिनिधियों के साथ ‘सशक्त स्त्री सभाएं’ आयोजित की जाएंगी तथा सरकार उचित स्तर पर उनके सुझावों और समस्याओं के बारे में विचार-विमर्श करेगी।  मुख्यमंत्री ने राज्य आर्थिक तथा सांख्यिकीय विभाग की रिपोर्ट ‘विमेन्स अनपेड इकानॉमिक कांट्रीब्यूशन हिमाचल प्रदेश’ का भी विमोचन किया।  उन्होंने सराज विधानसभा क्षेत्र के गोहर की ग्राम पंचायत थरजून की सबसे कम आयु की प्रधान जबना चौहान को सम्मानित किया। जबना चौहान ने अपनी पंचायत में स्वच्छता अभियान और नशाखोरी के खिलाफ अहम भूमिका निभाई। मुख्यमंत्री ने संस्कृति तथा समाज सेवा को प्रोत्साहित करने के लिए शिमला जिला की कंचन शर्मा, समाज सेवा व स्वच्छता अभियान में योगदान तथा महिला अधिकारों के लिए संघर्ष करने के लिए ग्राम पंचायत जार की प्रधान आरती निरमोही, नशाखोरी के खिलाफ, स्वच्छता अभियान और सामाजिक कल्याण में योगदान के लिए कुल्लू की कुमारी सीता देवी को भी सम्मानित किया। उन्होंने महिला मंडल कोटली मंडी तथा हिमोत्कर्ष साहित्य संस्कृति जन कल्याण परिषद ऊना को महिला सशक्तिकरण व महिलाओं को सभी प्रकार की सहायता प्रदान करने के लिए सम्मानित किया। निदेशक महिला एवं बाल कल्याण विभाग हंस राम शर्मा ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया। नगर निगम की महापौर कुसुम सदरेट, राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डा. डेजी ठाकुर, सहकारी बैंक के अध्यक्ष  खुशी राम बालनाहटा, उपमहापौर राकेश कुमार शर्मा, बाल अधिकार सरंक्षण आयोग की अध्यक्ष किरण धांटा, समाज कल्याण बोर्ड की अध्यक्ष सत्या परमार, राज्य बाल विकास परिषद की सदस्य किम्मी सूद, अतिरिक्त मुख्य सचिव निशा सिंह भी इस अवसर पर उपस्थित थीं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App