आज मौसम साफ, कल से बारिश

By: Apr 2nd, 2018 12:02 am

शिमला— प्रदेश में तीन अप्रैल से मौसम करवट लेगा। मौसम विभाग ने तीन अप्रैल को समूचे प्रदेश में बारिश की संभावना जताई है। हालांकि राज्य के मैदानी इलाकों में इसके बाद छह अप्रैल को छोड़कर मौसम साफ बना रहेगा, मगर राज्य के लाहुल-स्पीति, किन्नौर, चंबा, कुल्लू, मंडी, शिमला, सिरमौर जिला में सात अप्रैल तक एक-दो जगह बारिश का सिलसिला जारी रहने की उम्मीद है। रविवार को प्रदेश के अधिकतर क्षेत्रों में मौसम साफ बना रहा, मगर दोपहर बाद चली हवाओं और आसमान में बादलों के घिरने से अधिकतम तापमान में गिरावट आई है। अधिकतम तापमान में पहले के मुकाबले एक से तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट आंकी गई है। भुंतर के तापमान में सबसे अधिक तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट रिकार्ड की गई है। भुंतर का पारा 32.8 डिग्री से लुढ़ककर 29.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। इसके अलावा शिमला, सोलन, कांगड़ा में एक डिग्री तक तापमान लुढ़का है। ऊना के पारे में 0.4 और नाहन में 0.3 डिग्री तक की गिरावट आंकी गई है, जबकि न्यूनतम तापमान में कोई उल्लेखनीय परिवर्तन नहीं आंका गया है।  शिमला में अधिकतम तापमान 22.4, सुंदरनगर में 30, भुंतर में 29.6, कल्पा में 23, धर्मशाला में 26.4, ऊना 33.4, नाहन में 28.3, सोलन में 26.2 और कांगड़ा में 29.8 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।मौसम विभाग के निदेशक डा. मनमोहन सिंह ने खबर की पुष्टि की है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App