प्रदेश की 3783 बस्तियों को सड़क मयस्सर नहीं

By: Apr 23rd, 2018 12:01 am

ग्रामीण अभी भी पीठ पर ढो रहे रोजमर्रा का सामान, वन भूमि सबसे बड़ी अड़चन

शिमला – हिमाचल भले ही विकास के नए सौपान चढ़ने का दावा कर रहा हो, लेकिन हकीकत यह है कि अभी भी कई ग्रामीण इलाकों तक सड़कें नहीं बन पाई हैं। हिमाचल में करीब 3783 बस्तियां ऐसी हैं, जहां अभी भी सड़कें लोगों के लिए सपने के बराबर हैं। कांगड़ा, मंडी, शिमला व सोलन जिले ऐसे हैं, जहां सबसे ज्यादा बस्तियां सड़कों से दूर हैं। ऐसे में इन गांवों को अभी भी अपनी रोजमर्रा की चीजें अपनी पीठ पर ढोनी पड़ रही हैं। हिमाचल में मौजूदा समय में कुल 18,711 बस्तियां हैं, जिनमें से करीब 14928 बस्तियों तक ही सड़कें पहुंच पाई हैं, वहीं करीब 3800 बस्तियां ऐसी हैं, जहां सड़कों का दूर दूर तक नामोनिशान नहीं हैं। इन इलाकों में सड़कें न होने से यहां के बाशिदों को अभी भी रोजमर्रा की चीजों को अपनी पीठ पर लादकर लाना पड़ रहा है। राज्य में सबसे अधिक मंडी में 688 बस्तियों तक अभी सड़कें नहीं पहुंच पाई हैं। कांगड़ा जिला में 526 बस्तियां सड़क से अछूती हैं। इसी तरह सोलन में 617 बस्तियों और शिमला जिला में करीब 573 बस्तियों तक सड़क नहीं पहुंच पाई है। चंबा में भी 344 बस्तियां सड़कों से महरूम हैं। सड़कों से वंचित बस्तियों में अधिकांश 250 से कम आबादी वाली हैं। हालांकि ग्रामीण इलाकों में सड़कें पहुंचाने के लिए केंद्र सरकार ने प्रधानमंत्री ग्रमीण सड़क योजना लागू की है, लेकिन इसके तहत अभी तक 250 से अधिक की आबादी वाली बस्तियों को भी सड़क सुविधा से जोड़ा गया है। साल 2000 में 250 की आबादी से कम करीब 5194 बस्तियों तक सड़कें नहीं पहुंच पाई थीं। इसके बाद इनमें से कई बस्तियां सड़कों से कवर हो गई हैं, लेकिन अभी भी ऐसी करीब 3447 बस्तियां सड़कों से महरूम हैं। राज्य में 250 से 1000 आबादी की करीब 350  बस्तियों को सड़क नसीब नहीं हुई है।

फोरेस्ट क्लीयरेंस का भी पचड़ा, वक्त पर मंजूरी नहीं

पीएमजीएसवाई में अभी तक 250 से अधिक की आबादी को ही सड़क से जोड़ा गया है। इसके लिए केंद्र से फंड जारी किया जा रहा है। राज्य में सड़कें बनाने में सबसे ज्यादा बाधा जमीन न मिलना है। हिमाचल का अधिकांश क्षेत्र वन भूमि के तहत आता है, ऐसे में फारेस्ट क्लीयरेंस लेनी पड़ती है, जो कि सालों तक नहीं मिल पाती।

यहां नसीब नहीं सड़क

जिला      बस्तियां

मंडी       688

कांगड़ा    526

सोलन     617

शिमला    573

चंबा       344

अपने सपनों के जीवनसंगी को ढूँढिये भारत  मैट्रिमोनी पर – निःशुल्क  रजिस्ट्रेशन!


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App