अनुशासन से बढ़ाएं खेल को आगे

By: May 23rd, 2018 12:02 am

पंचकूला में अंतरराष्ट्रीय महिला क्रिकेट चैंपियनशिप में बोले लोक निर्माण मंत्री

पंचकूला —  खिलाड़ी को खेल की भावना के साथ खेलना चाहिए। उसका फोकस खेल मैदान पर ही होना चाहिए। खेल भावना व अनुशासन खिलाड़ी की असली पहचान होती है। युवा वर्ग के उभरते खिलाडि़यों को अवश्य यह बात ध्यान में रखनी चाहिए। हरियाणा के लोक निर्माण मंत्री राव नरबीर सिंह ने सेक्टर तीन में ताउ देवी लाल खेल परिसर में अखिल भारतीय महिला 20-20 क्रिकेट ऐसोसिएशन द्वारा आयोजित प्रथम अंतरराष्ट्रीय महिला क्रिकेट चैंपियनशिप तथा 31वीं अखिल भारतीय शहीद भगत सिंह ब्वायज राष्ट्रीय लीग क्रिकेट के उद्घाटन समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा कुश्ती व कबड््डी जैसे पारंपरिक खेलों को बढ़ावा देने के लिए हर वर्ष एक-एक करोड़ रुपए के भारत केसरी तथा पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑल इंडिया नेशनल स्टाइल कबड्डी टूर्नामेंटों का आयोजन करवाया जाता है। कैच दैम यंग की नीति के तहत 8 से 19 वर्ष की आयु वर्ग के खिलाडि़यों के लिए लड़कों व लड़कियों के लिए 10-10 स्वर्ण जयंती खेल नर्सरियां खोली गई हैं। इसके अलावा 22 जिलों में 343 स्वर्ण जयंती खेल नर्सरियां  खोली गई है। इस अवसर पर उन्होंने खिलाडि़यों से भी वार्तालाप किया। इससे पूर्व उन्होंने शहीद भगत सिंह के चित्र पर पुष्प अर्पित श्रद्धांजलि भी दी। इस अवसर पर नरबीर सिंह ने संघ को पांच लाख रुपए की राशि देने की घोषणा भी की। इस मौके पर पंचकूला के विधायक एवं मुख्य सचेतक ज्ञानचंद गुप्ता, कालका की विधायक लतिका शर्मा, सोहना के विधायक तेजपाल तंवर, भाजपा के जिला प्रधान दीपक शर्मा, लोक निर्माण विभाग के तकनीकी सलाहकार विशाल सेठ, शिवालिक विकास बोर्ड के सदस्य शाम लाल बंसल, भारतीय क्रिकेट फेडरेशन के महासचिव अमरजीत कुमार, अखिल भरतीय महिला  20-20 क्रिकेट ऐसोसिएशन  की प्रधान वसुधा राणा, महासचिव पीयूष राणा, समाजिक कार्यकर्ता सुभाष शर्मा व कई अन्य गणमान्य लोग भी मौजूद रहे।

अपना सही जीवनसंगी चुनिए| केवल भारत मैट्रिमोनी पर-  निःशुल्क  रजिस्ट्रेशन!


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App