किताबें घर छोड़ स्कूल पहुंचे बच्चे

By: May 27th, 2018 12:01 am

प्रदेश भर के करीब 17 हजार विद्यालयों में मनाया बैग फ्री-डे

शिमला— शनिवार का दिन हिमाचल के स्कूली बच्चों के लिए आम दिनों से हटकर था। राज्य में शनिवार को बैग फ्री-डे मनाया गया। पहली बार मनाए गए बैग फ्री-डे के मौके पर राज्य के हजारों बच्चे बस्ता यानी बैग घर छोड़ स्कूल पहुंचे। स्कूलों में पढ़ाई के बजाय खेलकूद और अन्य गतविधियां आयोजित की गईं। इससे बच्चे भी चिंतामुक्त दिखे और स्कूलों में छात्रों ने खूब मस्ती की। राज्य में करीब 17 हजार स्कूलों में शनिवार को बैग फ्री-डे मनाया गया। इन स्कूलों के करीब नौ लाख बच्चे बिना बैग लिए स्कूल गए। राज्य में स्कूल सुबह 10 बजे ही शुरू हुए और और मॉर्निंग असेंबली भी करवाई गई। इसके बाद स्कूलों में चित्रकला प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। वहीं लंच के बाद खेल गतिविधियों का स्कूलों में आयोजन किया गया। हिमाचल सरकार ने फैसला किया है कि राज्य के स्कूलों में प्रत्येक माह के आखिरी शनिवार को बैग फ्री-डे मनाया जाएगा। इसकी शुरुआत शनिवार को गई। सरकार ने यह फैसला छात्रों को पढ़ाई के दबाव से बचाने के मकसद से किया गया है। आगे भी प्रत्येक माह के हर महीने का अंतिम शनिवार बैग फ्री-डे मनाया जाएगा। इस तरह आगामी 30 जून,  28 जुलाई,  25 अगस्त,  29 सितंबर,  27 अक्टूबर,  24 नवंबर और 29 दिसंबर को भी बैग फ्री डे मनाया जाएगा। राज्य के सभी प्राथमिक, मिडल, हाई और सीनियर सेकेंडरी स्कूलों में यह व्यवस्था लागू की गई है। इस बारे में शिक्षा विभाग की ओर से सभी शिक्षा उपनिदेशकों, प्रधानाचार्यों, मुख्याध्यापकों को सर्कुलर जारी किया गया है। सरकार के इस फैसले से राज्य के स्कूली बच्चे तनावमुक्त हो सकेंगे। देखने में आया है कि अक्सर बच्चों पर स्कूलों में केवल पढ़ाई का दबाव रहता है, वहीं अधिकांश अभिभावकों की ओर से भी यह दबाव रहता है कि उनके बच्चे केवल पढ़ाई पर ही जोर दें। वहीं स्कूलों में खेल गतिविधियां भी कम रहती हैं। स्कूलों में खेलों की ओर ज्यादा ध्यान नहीं दिया जाता है, जिससे बच्चे तनाव में ही रहते हैं। ऐसे में सरकार के बैग फ्री-डे मनाने के फैसले से छात्रों को जरूर राहत मिलेगी। इससे छात्र पढ़ाई के साथ-साथ अन्य गतिविधियों को लेकर भी प्रेरित होंगे। सरकार के इस फैसले से स्कूली छात्र भी खुश हैं और  शनिवार को वे खूब मस्ती में दिखे।

अपना सही जीवनसंगी चुनिए| केवल भारत मैट्रिमोनी पर-  निःशुल्क  रजिस्ट्रेशन!


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App