गारंटी… गाय सिर्फ बछड़ी, भैंस देगी कटड़ी

By: May 2nd, 2018 12:20 am

मनचाहे मादा पशुओं की हसरत होगी पूरी, प्रदेश सरकार मुहैया करवाएगी इंजेक्शन

शिमला— हिमाचल प्रदेश में मनचाहे मादा पशुओं के जन्म की हसरत पूरी होगी। पशुओं के कृत्रिम गर्भाधान के लिए सरकार महंगा इंजेक्शन उपलब्ध करवाएगी। इसके लिए राज्य सरकार ने सेक्स्ड सीमन स्ट्रा की आपूर्ति के लिए टेंडर आमंत्रित किए हैं। इस महंगी तकनीक के बाद गाय तथा भैंस से मादा पशुओं का गर्भाधान संभव होगा। हालांकि एक इंजेक्शन की कीमत दो से तीन हजार रुपए के बीच होगी। सरकार इस इंजेक्शन को सब्सिडाइज्ड रूप में प्रदान करेगी। सीमन स्ट्रा की इस तकनीक के बाद प्रदेश में आवारा पशुओं की समस्या जड़ से समाप्त हो सकती है। इसके अलावा पशुओं की नस्ल में जबरदस्त सुधार होगा। दूध के उत्पादन की मात्रा भी बढ़ाई जा सकती है। हिमाचल प्रदेश में पहली बार लाई जा रही इस तकनीक के लिए जयराम सरकार बेहद गंभीर है। आधिकारिक सूत्रों का कहना है कि इस कृत्रिम गर्भाधान से 99 फीसदी मामलों में गाय बछड़ी को जन्म देगी। सेक्स्ड सीमन स्ट्रा की तकनीक से भैंसों की सौ फीसदी संख्या हर साल बढ़ेगी। जाहिर है कि पशुओं के गर्भाधान के बाद इस तरह का अभी तक कोई प्रावधान नहीं है। प्रदेश में खेती योग्य भूमि का आकार लगातार सिकुड़ता जा रहा है। शेष जमीन पर किसान ट्रैक्टर तथा दूसरी तकनीक से खेती कर रहे हैं। इस कारण बैलों की जरूरत शून्य के आसपास रह गई है। लिहाजा बछड़ों के जन्म के बाद इन्हें लावारिस छोड़ दिया जाता है। प्रदेश में यही समस्या गंभीर बनी हुई है। नतीजतन कृत्रिम गर्भाधान से मनचाहे पशुओं का जन्म होने से लावारिस पशुओं की समस्या काफी हद तक कम हो जाएगी। इस तकनीक के बाद पशुधन से रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। आधिकारिक सूत्रों का कहना है कि इस तकनीक के इंजेक्शन से जन्म लेने वाले मादा पशुओं की नस्ल बेहतर होगी। इससे दूध की मात्रा में बहुत बड़ी बढ़ोतरी संभव है।  अलबत्ता राज्य सरकार ने इसके लिए गंभीर प्रयास आरंभ कर दिए हैं। इसके लिए सरकार ने टेंडर प्रक्रिया आरंभ कर सेक्स्ड सीमन स्ट्रा उपलब्ध करवाने वाली कंपनी को न्यौता दिया है।  राज्य सरकार ने इस योजना को सिरे चढ़ाने के लिए केंद्र सरकार से भी सहयोग मांगा है। हिमाचल काडर के अधिकारी तरूण श्रीधर इन दिनों केंद्रीय पशुपालन मंत्रालय में सचिव हैं। हिमाचल दौरे पर पहुंचे तरूण श्रीधर ने राज्य सरकार के अधिकारियों के साथ बैठक कर इस योजना में सहयोग का आश्वासन दिया है।

अपने सपनों के जीवनसंगी को ढूँढिये भारत  मैट्रिमोनी पर – निःशुल्क  रजिस्ट्रेशन!


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App