चार महीने में 1002 हादसे, 399 मौतें

By: May 14th, 2018 12:20 am

यातायात नियमों की अवेहलना के साथ सड़कों की खस्ताहालत भी जिम्मेदार

पालमपुर – प्रदेश की सर्पीली सड़कों की खस्ताहालत और उस पर तेज रफ्तार का जुनून हादसों का सबब बन रहा है। पिछले चार वर्षों पर नजर दौड़ाएं तो प्रदेश में हर साल तीन हजार से अधिक सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं, जिसमें प्रतिवर्ष एक हजार से अधिक लोग जान गंवा रहे हैं। नए साल का आगाज भी कुछ ऐसा ही रहा है और चार माह में प्रदेश में 1002 सड़क दुर्घटनाएं विभिन्न थानों में दर्ज हुई हैं, जिनमें 399 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 1714 लोग घायल हुए हैं। चार माह में सबसे अधिक सड़क दुर्घटनाएं जिला कांगड़ा में दर्ज की गई हैं, यहां यह आंकड़ा 183 रहा है। इस सूची में 153 के आंकड़े के साथ जिला शिमला दूसरे तो 136 सड़क हादसों के साथ जिला मंडी तीसरे स्थान पर रहा है। प्रदेश में हर रोज औसतन करीब नौ सड़क हादसे सामने आ रहे हैं। चार माह में केवल दो जिला ऐसे रहे जहां सड़क दुर्घटनाओं का ग्राफ  दस या इससे कम रहा। जिला लाहुल-स्पीति में सड़क हादसे का एक तो जिला किन्नौर में दस मामले दर्ज हुए हैं। कुछ समय पूर्व राष्ट्रीय स्तर पर हुए एक सर्वे में यह बात सामने आई थी कि प्रदेश के ग्रामीण इलाकों में सड़क हादसों का ग्राफ अधिक रह रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में यातायात नियमों के पालन में बरती जा रही कोताही को कारण माना जाए या फिर इन क्षेत्रों में सड़कों की खस्ताहालत को दोष दिया जाए, प्रदेश में ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क हादसों का ग्राफ  शहरी क्षेत्रों से कहीं अधिक है। अधिक संख्या में दुर्घटनाओं के चलते ग्रामीण क्षेत्रों में दुर्घटनाओं में मारे जाने वाले लोगों की तादाद भी ज्यादा रह रही है। दोपहिया वाहनों को तेज रफ्तार से चलाने का जुनून पाल रहे विशेषकर स्कूल व कालेज के युवा दुर्घटनाओं को न्यौता दे रहे हैं।

चार माह के हादसे

कांगड़ा    183

शिमला    153

मंडी       136

ऊना       98

सिरमौर    83

सोलन     69

बिलासपुर 68

चंबा       56

हमीरपुर   49

कुल्लू      48

किन्नौर    10

दुर्घटनाएं और मौतें

साल       दुर्घटनाएं   मौतें        घायल

2011      3099     1353      5462

2012      2899      1109      5248

2013      2981      1054      5081

2014      3058      1199      5680

2015      3010      1097      5109

2016      3153      1163      5587

2017      3119      1176      5338

2018      1002      399       1714

अपने सपनों के जीवनसंगी को ढूँढिये भारत  मैट्रिमोनी पर – निःशुल्क  रजिस्ट्रेशन!


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App