चुनाव में ड्रामा…नारेबाजी फिर जमकर हुआ हंगामा

By: May 21st, 2018 12:20 am

अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ के चुनाव में दो गुटों ने चुनी कार्यकारिणियां

मंडी— अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ की गुटबाजी रविवार को हुए चुनावों में एक बार फिर सामने आई। अराजपत्रित कर्मचारी संघ के चुनाव (विनोद गुट) मंडी में करवाए तो गए, लेकिन इसमें भारी हंगामा हुआ और एक साथ-साथ दो अलग-अलग कार्यकारिणियां गठित हो गईं। रविवार को विश्वकर्मा मंदिर में जिला अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ विनोद गुट के चुनाव आयोजित किए गए। एक गुट की कमान चमन ठाकुर को सौंपी गई, जबकि दूसरे गुट के अध्यक्ष पद की कुर्सी पर रूप लाल काबिज हो गए। हालांकि एनआर ठाकुर गुट ने बीते माह 20 अप्रैल को ही अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ की जिला कार्यकारिणी का गठन कर लिया है। रविवार को सराज क्षेत्र से संबंध रखने वाले चमन ठाकुर और अन्य कर्मचारी नेताओं ने इस बात को लेकर हंगामा खड़ा कर दिया कि अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ पर मुख्यमंत्री के क्षेत्र के कर्मचारियों का दबदबा रहेगा। इसके चलते विनोद ठाकुर को भी नेता मानने से इनकार कर दिया। वहीं, दूसरे गुट के अध्यक्ष रूपलाल का कहना है कि मंडी जिला की 18 इकाइयों के विधिवत चुनाव उनकी देखरेख में हुए हैं, जबकि चमन ठाकुर के साथ सराज के अलावा कोई भी इकाई नहीं है। आरोप लगाया कि रूपलाल विरोधियों ने बार-बार नारेबाजी और हंगामा करके चुनाव प्रक्रिया बाधित की। यही नहीं, उनके द्वारा कुर्सियां तोड़ने और माइक की बिजली तक काटने के बावजूद रूपलाल को जिला के डेलिगेटस द्वारा अध्यक्ष पद पर चयनित कर दिया गया। इसके विरोध में चमन ठाकुर समर्थकों ने अपनी अलग कार्यकारिणी गठित कर दी। हंगामे और गहमागहमी के माहौल में हुए संघ की जिला कार्यकारिणी के चुनाव में कई मर्तबा नौबत हाथापाई तक आ पहुंची।

एक गुट चमन के साथ

सराज क्षेत्र से संबंध रखने वाले चमन ठाकुर को अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ जिला कार्यकारिणी का अध्यक्ष चुना है, जबकि लाल सिंह ठाकुर महासचिव, दिनेश कथानिया वरिष्ठ उपाध्यक्ष, सुनील ठाकुर  संयुक्त सचिव, भुट्टो राम उपप्रधान, जबकि घुंघरमल को उपाध्यक्ष चुना गया है।

रूपलाल भी जिलाध्यक्ष

दूसरे गुट में रूपलाल जिला अध्यक्ष बने। कर्म सिंह एवं अधिकारी राजेंद्र ठाकुर की देखरेख में हुए चुनाव में वेद प्रकाश महासचिव, दिनेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष, प्रेमलता महिला उपप्रधान, अर्जुन कुमार चतुर्थ श्रेणी वर्ग से उपप्रधान, रवि संयुक्त सचिव, सतीश उपप्रधान बने। इसके अलावा सात कार्यकारिणी सदस्य बनाए गए।

अपना सही जीवनसंगी चुनिए| केवल भारत मैट्रिमोनी पर-  निःशुल्क  रजिस्ट्रेशन!


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App