बैलगाड़ी चलाकर मोदी पर हमला  

By: May 27th, 2018 12:07 am

पेट्रोल कीमतों में बढ़ोतरी पर ऊना में गरजी कांग्रेस, कालिया-अग्निहोत्री-रायजादा ने किए तीखे प्रहार

ऊना – कांग्रेस पार्टी ने केंद्र सरकार के चार साल के कार्यकाल को देश के इतिहास के लिए काला अध्याय करार देते हुए ऊना मुख्यालय पर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं व कार्यकर्ताओं ने डीजल-पेट्रोल के दामों में बेतहाशा बढ़ोतरी के विरोध स्वरूप बैलगाड़ी व टांगे में सफर कर विरोध जताया। शनिवार को ऊना मुख्यालय पर मुख्य बस अड्डा चौंक पर कांग्रेस कार्यकर्ता एकत्रित हुए। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू, सीएलपी नेता व विधायक हरेली विस क्षेत्र मुकेश अग्निहोत्री, ऊना सदर विस क्षेत्र से विधायक सतपाल सिंह रायजादा, पूर्व विधायक कुलदीप कुमार, राकेश कालिया, जिला कांग्रेस अध्यक्ष विरेंद्र धर्माणी, कार्यकारी जिलाध्यक्ष विवेक शर्मा, पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष अविनाश कपिला व अन्य प्रमुख नेताओं के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने मुख्य बस अड्डा चौंक से लेकर उपायुक्त कार्यालय तक रोष रैली निकाली। इस बीच पूर्व विधायक राकेश कालिया व अन्य कांग्रेस नेता बैलगाड़ी को हांकते हुए सड़कों पर निकले तथा मोदी सरकार द्वारा पेट्रोल व डीजल के दामों में बेतहाशा बृद्धि पर अपना विरोध जताया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मोदी सरकार के विरुद्ध जमकर नारेबाजी भी की। कांग्रेस ने मोदी सरकार को महंगाई व वादाखिलाफी के मसले पर घेरा, वहीं प्रदेश में पांच माह की जयराम सरकार पर भी कानून व्यवस्था को लेकर हमला बोला। उपायुक्त कार्यालय प्रांगण में कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि चार साल पहले झूठे वादे कर सत्ता में आई मोदी सरकार ने आम आदमी को छला है। सीएलपी नेता मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि केंद्र में भाजपा सरकार चार साल में जनहित मे कोई फैसला नही ले पाई। महंगाई सबसे बड़ा मुद्दा बनकर उभरी है। यूपीए सरकार में पेट्रेल-डीजल के दामों पर नियंत्रण था, लेकिन अब सरकार बेबस है। बड़े-बड़े लोग बैंकों से करोड़ां-अरबों रुपए डकार कर विदेश भाग गए। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि प्रदेश में भाजपा की सरकार दुर्घटनावश अस्तित्व में आई है। सरकार का अधिकारियों व कर्मचारियों पर कोई विश्वास नही है। उन्होंने अफसरशाही व कर्मचारियों को कांग्रेस का साथ देने का भी आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पुलिस के दम पर भाजपा सरकार चलाना चाहती है। रैली को स्थानीय विधायक सतपाल रायजादा ने भी संबोधित किया तथा भाजपा पर जमकर प्रहार किए। उन्होंने कहा कि भाजपा नेता बदला, बदली व अत्याचार की नीति पर चल रहे है, जिसका खामियाजा उन्हें भुगतना पड़ेगा। इस अवसर पर पांचो ब्लॉकों से कांग्रेस प्रधान, कांग्रेस नेता विजय आंगरा, अखिल, अशोक, कुशल सिंह, सुमित, विवेक, राकेश कैलाश सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।

अपना सही जीवनसंगी चुनिए| केवल भारत मैट्रिमोनी पर-  निःशुल्क  रजिस्ट्रेशन!


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App