भट्ठी सा तपा हिमाचल

By: May 26th, 2018 12:20 am

शिमला —प्रदेश के मैदानी इलाकों में गर्मी कहर बनकर पड़ रही है। खासतौर पर ऊना व बिलासपुर भट्ठी की तरह तप रहे हैं। प्रचंड गर्मी ने लोगों को घरों में कैद कर दिया है। ऊना का पारा फिर से 43 डिग्री से पार हो गया है, जो हिसार व जैसलमेर के बाद देश भर में सबसे अधिक आंका गया है। मौसम विभाग की मानें तो मैदानी इलाकों में प्रचंड गर्मी जल्द पीछा नहीं छोड़ेगी। विभाग ने शनिवार को भी मैदानी इलाकों में एक-दो जगह लू चलने की चेतावनी दी है। राज्य के मैदानी इलाकों में 31 मई तक मौसम साफ बना रहेगा, जबकि पहाड़ों पर 29-30 मई को एक-दो जगह गर्जन के साथ बारिश का पूर्वानुमान लगाया जा रहा है, जो प्रचंड गर्मी की मार झेल रहे लोगों के लिए राहत लेकर आ सकती है। शुक्रवार को प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में मौसम शुष्क बना रहा। चटक धूप खिलने से अधिकतम तापमान में एक डिग्री तक का उछाल आया है। ऊना में सबसे अधिक तापमान दर्ज किया गया। ऊना में अधिकतम तापमान 43.4 डिग्री आंका गया। इसके अलावा बिलासपुर का पारा भी 41 डिग्री तक पहुंच गया है, जिसमें एक डिग्री तक की बढ़ोतरी आई है। इसके अलावा कांगड़ा, हमीरपुर, सुंदरनगर में भी प्रचंड गर्मी पड़ रही है, जिसके चलते लोग घरों में दुबकने मजबूर हैं। हालांकि शुक्रवार को अधिकतम तापमान में एक डिग्री का उछाल आया है, मगर न्यूनतम तापमान में एक डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट रिकार्ड की गई है। मौसम विभाग के निदेशक डा. मनमोहन सिंह ने खबर की पुष्टि की है।

इतना रहा पारा

शिमला में अधिकतम तापमान 28.4, सुंदरनगर में 38.7, भुंतर में 36, कल्पा में 23.6, धर्मशाला में 33.4, ऊना में 43.4, नाहन में 35.9, केलांग में 17.9, सोलन में 34.5, कांगड़ा 38.1, बिलासपुर में 41, हमीरपुर में 39.4, चंबा में 36.7 और डलहौजी में 23.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।

अपना सही जीवनसंगी चुनिए| केवल भारत मैट्रिमोनी पर-  निःशुल्क  रजिस्ट्रेशन!


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App