विवेक कुमार छह साल के लिए निष्कासित

By: May 19th, 2018 12:05 am

पार्टी विरोधी गतिविधियों के लिए कांग्रेस ने सर्वसहमति से लिया फैसला

बरठीं – विश्राम गृह बरठीं में ब्लॉक कांग्रेस की एक अहम बैठक हुई, जिसमें पार्टी की हार के लिए कांग्रेसी कार्यकर्ताओं व नेताओं द्वारा मंथन किया गया। पार्टी के विरोध में कार्य करने की एवज में यूथ कांग्रेस के महासचिव एवं एपीएमसी बिलासपुर के पूर्व चेयरमैन विवेक कुमार को छह वर्षों के लिए निष्कासित करने के लिए हाइकमान को प्रस्ताव पारित कर भेज दिया गया। इससे पहले ब्लॉक कांग्रेस द्वारा विवेक कुमार को पार्टी विरोधी कार्य करने के लिए ब्लॉक से निष्कासित कर दिया गया है। श्री चंदेल ने बताया कि उन्हें लगातार कार्यकर्ताओं की शिकायतें मिल रही थीं कि विवेक कुमार अपनी टीम को लेकर चुनावों के दौरान पार्टी विरोधी कार्यों में जुटा हुआ है, जिसका उदाहरण उन्हें चुनाव परिणाम के समय देखने को मिला और उनकी होम पंचायत के साथ-साथ उनके बूथ में भी कांग्रेस को हार का मुंह देखना पड़ा। पिछले पांच वर्षों में पूर्व विधायक बीरू राम किशोर के नेतृत्व में क्षेत्र में अथाह विकास कार्य किए हैं, जिस कारण उनकी जीत सुनिश्चित थी, लेकिन विवेक कुमार जैसे लोगों ने पार्टी का साथ नहीं दिया। उन्होंने कहा कि हमीरपुर में अफीम के पौधे पकडे़ गए और प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई की जो काबिले तारीफ  है, लेकिन झंडूता विधानसभा क्षेत्र में भी इस प्रकार का धंधा चल रहा है, लेकिन प्रशासन मूक दर्शक बना हुआ है। इस मौके पर विशेष रूप से उपस्थित हुए पूर्व विधायक डा. बीरू राम किशोर ने केंद्र की राजनीति व कर्नाटक के हाल ही में चल रहे घटनाक्रम पर प्रहार करते हुए कहा कि भाजपा ने लोकतंत्र की हत्या की है और दोहरे मापदंड अपना रही है। इस मौके पर कांग्रेस सेवा दल के प्रदेश प्रैस सचिव गुरदास सुमन, लोक सभा हमीरपुर युवा कांग्रेस महासचिव सुधीर कुमार, ज्ञान सिंह गंभीर, रणजीत सिंह, रणवीर चंदेल, निक्का राम, चंद्रशेखर, जितेन्द्र गौतम, राजेन्द्र कुमार, कृष्णु राम, सतीश गौतम, सदाराम, तुलसी राम, राजकुमार, काकू महाजन, मुन्ना, सुनील  कुमार सहित अन्य कांग्रेसी कार्यकर्ता उपस्थित थे।

युवा नेता बोले, सात महीने बाद क्यों याद आई हार

युवा नेता विवेक कुमार ने निष्कासित किए जाने पर अपनी स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि इन लोगों को आज याद आ रही है, जबकि चुनावों को हुए सात महीने हो गए हैं। जब वह युवा कांग्रेस के माध्यम से लोगों के मुद्दों को लेकर सड़कों पर उतर रहे हैं और हम पर मौजूदा सरकार के द्वारा मुकदमे बनाए जा रहे हैं, इसलिए इन लोगों को लग रहा है कि वह आने वाले समय में कहीं उनके रास्ते का कांटा न बन जाए। इसलिए व्यक्तिगत कारणों की वजह से इस तरह के कदम उठाए जा रहे हैं। जल्द ही प्रदेश अध्य्क्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू और राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी से बात की जाएगी।

अपना सही जीवनसंगी चुनिए| केवल भारत मैट्रिमोनी पर-  निःशुल्क  रजिस्ट्रेशन!


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App