कटोहड़ खुर्द में सवा तीन करोड़ की गड़बड़

By: Jun 22nd, 2018 12:02 am

कृषि सहकारी सभा के ऑडिट के दौरान खातों का नहीं हुआ मिलान, खाता धारकों में हड़कंप

अंब— विकास खंड अंब के तहत कृषि सहकारी सभा कटोहड़ खुर्द में तीन करोड़ 22 लाख सात हजार की हेराफेरी होने का मामला प्रकाश में आया है। घटना की जानकारी लगते ही खाता धारको में हड़कंप मच गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार सोसायटी के ऑडिट के दौरान खातों का सही मेल-मिलाप नहीं हुआ है। ऑडिट के दौरान खातों का सही मिलान न होने पर जब ऑडिट अधिकारियों ने सभी खातों की गहनता से जांच शुरू की तो खातों में हुई जांच के बाद एक के बाद एक खुलासे होने से वर्ष 2017 के ऑडिट तक कुल घपला की राशि तीन करोड़ से भी अधिक की हो गई है। अगले वर्ष के ऑडिट के बाद यह राशि और भी बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है। उक्त घटनाक्रम में सभा के सचिव को मुख्य रूप से दोषी पाए जाने पर विभागीय अधिकारियों ने उसे सस्पेंड कर दिया है। जानकारी के अनुसार सभा के सदस्य के खाते में एक करोड़ 13 लाख की गड़बड़ी हुई है। इसी प्रकार असदस्य के खातों में 65 लाख की गडबड़ी है। इसके साथ-साथ बाकी की गड़बड़ी लेनधारकों व एफडीआर में पाई गई है। बताया जा रहा है कि खाताधारकों की जो राशि सभा के बही खाते में अंकित है,उसका मिलाप कम्प्यूटर व पासबुक के साथ नहीं हो पा रहा है। उक्त भारी राशि पिछले दो वर्षों में कहां गायब हो गई है, इसको लेकर भी चर्चाओ का दौर शुरू  हो गया है। बताया जा रहा है कि लोगों की  खून पसीने की कमाई का उपयोग प्रापटी खरीद-फरोख्त में होता आ रहा था। उक्त धंधे में सम्मिलत होकर कई रेहड़ी लगाने वाले भी करोड़पति बन गए हैं, जबकि गरीब लोगों को अब अपनी जमा पूंजी से भी हाथा धोना पड़ रहा है। जानकारी के अनुसार उक्त सोसायटी के पास कुल जमा पूंजी 18 करोड़ के करीब है, जिसमें से 13 करोड़ रुपए का लोन आबंटित हो चुका है, जबकि पांच करोड़ की एफडी के विरुद्व भी राशि निकाली जा चुकी है। सोसायटी की जमा पूंजी को हासिल करने के लिए विभागीय कर्मचारी जी-जान से जुटे हैं। कई लोन धारकों को नोटिस भी निकाले जा रहे है। गौरतलब है कि  वर्ष 2017 के ऑडिट तक तीन करोड़ से भी अधिक की हेराफेरी का खुलासा हुआ है। 2018 की ऑडिट रिपोर्ट के बाद और भी बढ़ सकता है।

और बढ़ सकता है आंकड़ा

जिला अंकेक्षण अधिकारी रतन सिंह बेदी से बात की गई तो उन्होंने बताया कि वर्ष 2017 के ऑडिट तक तीन करोड़ से भी अधिक की हेराफेरी का खुलासा हुआ है। 2018 की ऑडिट रिपोर्ट के बाद और भी बढ़ सकता है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App