सगाई तोड़ने की वजह पूछने आया युवक पीटा

By: Jun 14th, 2018 12:05 am

ऊना —ऊना कालेज के सामने युवकों ने पंजाब के एक युवक की बेहरमी से पिटाई कर दी। इससे युवक को क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में प्राथमिक उपचार के बाद पीजीआई चंडीगढ़ रैफर कर दिया है। मामला लड़की की सगाई से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है। वहीं युवक बेहोशी की हालत में है। पुलिस ने मारपीट के इस मामले में आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। मिली जानकारी अनुसार बुधवार दोपहर को पंजाब का एक युवक अपनी सगाई टूटने के बाद लड़की से वजह जानने के लिए ऊना कालेज के पास आया था। इस दौरान लड़की के परिचितों को भी पंजाबी युवक के आने की भनक लग गई। जैसे ही लड़का-लड़की से मिलने के लिए आया तो स्थानीय युवकों ने युवक की सरेबाजार धुनाई कर दी। इतनी बेरहमी से पिटाई हुई जिससे वह बेहोश हो गया। मामले को देखते ही स्थानीय लोगों को जमघट लग गया। युवक की तबीयत बिगड़ती देख इसे क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में भर्ती कराया गया। तबीयत ज्यादा खराब होने के कारण पुलिस घायल युवक के बयान कलमबद्ध नहीं कर पाई। इसी बीच युवक को पीजीआई चंडीगढ़ रैफर कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि पंजाब के युवक की सगाई स्थानीय युवती से हुई थी। लेकिन किसी कारणवश युवती के परिजनों की ओर से लड़के वालों को सगाई तोड़ने की बात कही गई थी। इसकी वजह जानने के लिए पंजाबी युवक लड़की से मिलने के लिए ऊना पहुंचा था। इसके चलते कुछ युवकों ने इसकी इतनी निर्ममता से पिटाई कर दी कि यह पीजीआई चंडीगढ़ पहुंच गया। एसपी ऊना दिवाकर शर्मा ने बताया कि पुलिस ने मामले को लेकर जांच शुरू कर दी है। इसके आधार पर पुलिस ने स्थानीय युवकों के विरुद्ध धाराओं के अंतर्गत केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।

अपना सही जीवनसंगी चुनिए| केवल भारत मैट्रिमोनी पर-  निःशुल्क  रजिस्ट्रेशन!


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App