हालात सुधरे तो मेयर भी लौट आईं

By: Jun 4th, 2018 12:05 am

शिमला —कई दिनों से पेयजल संकट से बुरी तरह जूझ रही शिमला नगरी की महापौर कुसुम सदरेट अब स्थिति सामान्य होने पर लौट आई हैं। उनके प्रति न केवल उनके वार्ड के लोगों में गुस्सा है, बल्कि शिमला का हर एक नागरिक गुस्से में है। यही कारण है कि जहां पर भी मेयर गईं, वहां उनसे पूछा गया कि आखिर वह इस गंभीर संकट के समय में कहां पर थीं। मेयर को लोगों को जवाब देना मुश्किल हो गया और वह केवल माफी मांगती ही नजर आईं। उनसे सवाल करने वाले लोगों को वह काफी से संतुष्ट करती दिखीं। मेयर के खिलाफ नाराजगी भाजपा पार्षदों के साथ-साथ भाजपा नेताओं में भी है, जिनके भी कई दिनों से यही सवाल रहे, जिनको आज पूछने का मौका भी मिला। मामला यहां राजनीतिक भी हो चुका है, क्योंकि भाजपा के कई पार्षद उनके पीछे से कटाक्ष कर चुके हैं। विरोधी तो लगातार निशाना साध रहे हैं। पूर्व में नगर निगम के हुक्मरान रहे कामरेडों का तो यहां तक कहना है कि जब खुद मुख्य न्यायाधीश लोगों को पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित बनाने के लिए मैदान में उतर चुके हैं तो मेयर का क्या काम। मेयर और सरकार तो अपने काम में विफल हो चुकी हैं, लिहाजा उनसे जवाब भी क्या मांगना। कुल मिलाकर यहां लोगों में शिमला की मेयर के खिलाफ भारी रोष है अलबत्ता राजनीति से जुड़े चुके इस मुद्दे पर अब सरकार आगे क्या करेगी ये देखना होगा। वैसे शिमला नगर निगम की महापौर कुसुम सदरेट ने अब लौटने के बाद शहर की जनता से माफी मांगी है। उन्होंने लोगों से माफी मांगते हुए कहा है कि यदि उन्हें इस तरह के गंभीर पेयजल संकट का पता होता तो वह कभी नहीं जातीं। शिमला लौटने पर मेयर ने अनौपचारिक बातचीत में कहा कि वह शहर की जनता से माफी मांगती हैं। लोगों की भावनाएं सही हैं, वे गलत नहीं हो सकते। उन्होंने कहा कि उनका चीन का दौरा मार्च महीने में ही फाइनल हो गया था, जिसके लिए उन्होंने बाकायदा सरकार से अनुमति भी ली थी। चीन में इंटरनेशनल मेयर कान्फ्रेंस थी जिसमें टूरिज्म सेक्टर पर बात हुई। उनका कहना था कि चीन जाकर भी उन्होंने अपनी डयूटी ही की है और यहां रहतीं तो भी डयूटी करतीं। कार्यक्रम मार्च महीने में बना था कोई मई महीने में नहीं बनाया, लिहाजा शिमला का नेतृत्व करने के लिए वह गई थीं।

जनता से की बात

मेयर कुसुम सदरेट ने शिमला पहुंचने के बाद रविवार को क्षेत्र के कई वार्डों का  दौरा किया। वह लोगों से मिलीं तो जनता ने उनसे कई सवाल भी किए, जिन पर उन्होंने लोगों से केवल और केवल माफी मांगी।

अपना सही जीवनसंगी चुनिए| केवल भारत मैट्रिमोनी पर-  निःशुल्क  रजिस्ट्रेशन!


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App