60 हजार महिलाएं होंगी एक साथ

By: Jun 29th, 2018 12:20 am

भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष बोलीं, 15 से अभियान

कुल्लू — जल्द ही प्रदेश भर की 60 हजार महिलाओं को जोड़ा जाएगा, जिसके लिए महिला मोर्चा ने बूथ स्तर पर कार्य शुरू कर दिया है। यह बात यहां प्रदेश महिला मोर्चा की अध्यक्ष इंदु गोस्वामी ने कही। उन्होंने कहा कि आने वाले लोकसभा चुनावों को देखते हुए केंद्र व प्रदेश सरकार की योजनाएं जनता तक पहुंचाई जा रही हैं। साथ ही महिलाओं को भी जोड़ा जा रहा है। सशक्त महिला-सुदृढ़ महिला के तहत बूथ स्तर पर पांच महिलाओं की टीम गठित की गई है, जो कि हर बूथ में जाकर न केवल महिलाओं को अपने साथ जोड़ रही है, बल्कि सरकार की नीतियों से भी अवगत करवा रही है। बूथ वाहिनी में इस बार प्रदेश की 60 हजार महिलाओं को जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। यह अभियान 15 जुलाई से 15 अगस्त तक जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि अब तक देश में स्वच्छ भारत अभियान के तहत सात करोड़ शौचालयों का लाभ मिल चुका है साथ ही उज्ज्वल योजना के तहत भी तीन करोड़ महिलाओं को इसकी सुविधा प्रदान हो चुकी है, जहां 18 करोड़ महिलाओं को आगे भी इसकी सुविधा दी जाएगी। प्रदेश महिला मोर्चा की महासचिव पूर्व महिला आयोग की अध्यक्षा धनेश्वरी ठाकुर ने कहा कि हाल ही में एक कार्यक्रम शिमला में आयोजित किया गया, जहां समाज के विभिन्न क्षेत्रों में काम करने वाली बेटियों को सम्मानित किया। ऐसे में अब जल्द एक आयोग बेटी बढ़ाओ-बेटी बचाओ के तहत तैयार होगा, जिसकी घोषणा मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कर दी है। कार्यक्रम के तहत जो बजट की दिक्कत कई बार रहती थी। अब आयोग के बनने से नहीं रहेगी और इस में बजट का खासतौर पर प्रावधान रहेगा।

शांता जी जैसा कोई नेता नहीं

पत्रकारों ने कई सवाल इनसे किए…जहां पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार द्वारा जिस तरह से टिप्पणी कई बार की जाती है…उसके जवाब पर इंदू गोस्वामी ने कहा कि शांता कुमार एक बेहद अच्छे नेता हैं। उनके जैसा नेता देश में नहीं है। वह जो कहते हैं वह साफ तौर पर कह देते हैं। उनका व्यक्तित्व अलग है। वह हमेशा अपना पक्ष रखते हैं। उन्होंने कहा कि हाल ही में एक हिमाचल संघ बनाए जाने की बात भी सामने आई है। इस संघ का महिला मोर्चा से कोई संबध नहीं है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App