प्रदेश भर में बनेंगे 22 नए नेचर पार्क

By: Jul 31st, 2018 12:06 am

सीएम ने ‘मेरा वृक्ष-मेरा परिवार’ मुहिम के तहत ग्लेन नेचर पार्क की रखी आधारशिला

शिमला— राज्य सरकार पर्यटन को विकसित करने के लिए प्रदेश में 22 नए नेचर पार्क स्थापित करेगी। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने सोमवार को यह ऐलान वनीकरण कार्यक्रम ‘मेरा वृक्ष-मेरा परिवार’ के दौरान किया है।  इस समारोह के दौरान राजधानी स्थित अनाडेल सड़क किनारे पौधरोपण किया गया। मुख्यमंत्री ने कुमार हाउस के समीप ग्लेन नेचर पार्क की आधारशिला भी रखी। मुख्यमंत्री ने कहा कि 164 हेक्टेयर क्षेत्र में ग्लेन नेचर पार्क पर 98 लाख रुपए खर्च करके तथा तीन पैदल चलने योग्य मार्गों का निर्माण किया जाएगा, जिनमें भारतीय उच्च अध्ययन संस्थान से ब्रास पथ गेट, ग्लेन नेचर पार्क से समरहिल और ग्लेन नेचर पार्क से वन पौधशाला ग्लेन शामिल हैं। उन्होंने कहा कि इस पार्क में तीन वर्षा शालिकाएं तथा तीन वाच टावरों का निर्माण किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, तीन पिकनिक स्थल भी इस पार्क में विकसित किए जाएंगे।  जयराम ठाकुर ने कहा कि वन हमारे सर्वश्रेष्ठ मित्र हैं, क्योंकि ये हमें ईंधन, चारा, फल प्रदान करने के अतिरिक्त आने वाली पीढि़यों के लिए हमारे पर्यावरण को सहेज कर रखते हैं। उन्होंने कहा कि हममें से प्रत्येक का कर्त्तव्य है कि हम मित्र समझ कर एक वृक्ष लगाएं तथा इसकी जीवितंता को भी सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि शिमला तथा इसके आस-पास वनीकरण पर अधिक बल दिया जाएगा, जिससे कि इसकी पौराणिक अस्मिता को सरंक्षित रखा जा सके।  उन्होंने कहा कि ग्लेन नेचर पार्क के बनने के बाद यह पर्यटकों एवं स्थानीय लोगों के लिए एक अतिरिक्त आकर्षण होगा। उन्होंने कहा कि स्कूली छात्र पिकनिक के लिए एक सुंदर स्थल पाएंगे।  वन एवं परिवहन मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर हमेशा नए प्रयास करते रहते हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश का केवल 27 प्रतिशत भाग ही वन आवरण के अधीन है। उन्होंने कहा कि शिमला शहर में वृक्षारोपण के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। शिमला नगर निगम की महापौर कुसुम सदरेट ने मुख्यमंत्री तथा अन्य गणमान्य व्यक्तियों का इस अवसर पर स्वागत किया। बाल कल्याण परिषद की महासचिव पायल वैद्य, भाजपा उपाध्यक्ष रूपा शर्मा, सीएम के अतिरिक्त प्रधान सचिव संजय कुंडु, प्रधान वन अरण्यपाल जीएस  गोराया, उपमहापौर राकेश शर्मा, उपायुक्त अमित कश्यप, नगर निगम शिमला के आयुक्त, पुलिस अधीक्षक शिमला ओमापति जम्वाल सहित अन्य गणमान्य  भी इस अवसर पर उपस्थित थे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App