प्रदेश में नहीं स्पोर्ट्स होस्टल

By: Jul 13th, 2018 12:01 am

अभ्यास के लिए बाहरी राज्योंं में जा रहीं महिला मुक्केबाज

शिमला— खेल संबंधित आधारभूत ढांचा विकसित न होने के चलते प्रदेश की प्रतिभा को अभ्यास के लिए बाहरी राज्यों का पलायन करना पड़ रहा है। राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहाड़ी प्रदेश का गौरव बढ़ाने वाले खिलाड़ी बाहरी राज्यों में अपनी खेल शैली तराशने को मजबूर हैं। हालांकि राज्य सरकार व खेल विभाग राज्य में खेल संबंधित सुदृढ़ ढांचा विकसित करने का दावा भरता है, मगर हकीकत कुछ और ही बयान कर रही है। बाक्सिंग खेल की बात करें, तो राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नाम कमा चुकी महिला मुक्केबाजों को अपनी खेल शैली तराशने के लिए बाहरी राज्य जाना पड़ रहा है। इसका मुख्य कारण राज्य में होस्टल (महिला मुक्केबाज) का न होना है। ऐसे में मजबूरन उन्हें बाहरी राज्यों के होस्टलों में रहकर अभ्यास करना पड़ रहा है। प्रदेश के बिलासपुर होस्टल में पुरुष मुक्केबाजों को अभ्यास सुविधा उपलब्ध है, मगर राज्य में सरकार व खेल विभाग अभी तक महिला मुक्केबाजों को होस्टल सुविधा नहीं जुटा पाया है। होस्टल सुविधा न होने के चलते उन्हें बाहरी राज्यों से प्रशिक्षण लेना पड़ रहा है। मौजूदा समय में प्रदेश की चार महिला मुक्केबाज भोपाल, हिसार में अपनी खेल शैली तराश रही है। इन मुक्केबाजों में दीपा, गीतांजलि, विनाक्षी और शिवांगी शामिल हैं। हिमाचल प्रदेश बाक्सिंग एसोसिएशन के सचिव एसके शांडिल ने बताया कि होस्टल की सुविधा ने होने से प्रदेश की चार महिला मुक्केबाज बाहरी राज्यों में अभ्यासरत हैं।

रामपुर में बन रहा होस्टल

जिला शिमला के रामपुर में होस्टल का निर्माण हो रहा है। जानकारी के तहत उक्त होस्टल में महिला मुक्केबाजों को होस्टल सुविधा मिलेगी, मगर इसका निर्माण कार्य भी धीमी गति से चला हुआ है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App