मन तथा शरीर का संबंध

By: Jul 28th, 2018 12:05 am

श्रीराम शर्मा

जो मनः स्थिति हमारे अंतःकरण में वर्तमान है, उसी ने हमारी रूपरेखा का निर्माण किया है। यदि मनुष्य की आंतरिक स्थिति तुच्छ एवं घृणित है, तो उसके पीछे दुःख तथा क्लेश इस प्रकार लगे हैं जैसे जीव के पीछे उसकी परछाई। मनुष्य अपने विचारों का फल है…

मन का शरीर पर अटूट अविच्छिन्न एवं अकाट्य प्रभाव है और यह सब काल, सब स्थितियों तथा समस्त अवस्थाओं में समान रूप से रहता है। मानसिक जर्जरता, मानसिक अशांति, उद्वेग, आवेश, विकार, मन में उद्भूत  अनिष्ट कल्पना, चिंतन की अकल्याणकारी मूर्ति, ईर्ष्या, द्वेष इत्यादि मन की विभिन्न भूमिकाओं का शरीर पर भयंकर प्रभाव पड़ता है। मनोविकार निरंतर हमें नाच नचाया करते हैं, काम, क्रोध इत्यादि मनुष्य के षट्रिपु हमें समूल नष्ट करने को प्रस्तुत रहते हैं। अनेक व्यक्ति सर्वत्र इनके मिथ्या प्रलोभनों में ग्रसित होकर अनेक स्नायु रोगों के शिकार बनते हैं।

शरीर में प्रत्येक प्रकार की अनुकूल अथवा प्रतिकूल अवस्था का निर्माण करने की सामर्थ्य मनुष्य के मन में अंतर्निहित है। मन के गर्भ भाग में जो कुटिल अथवा भव्य मनः संस्कार अंकित होते हैं, वही सिद्धांत एवं निश्चय रूप धारण करके प्रतिमा रूप बन कर बाह्य जगत में प्रकट होते हैं और तदरूप जीवन निर्माण करते हैं।

जो मनः स्थिति हमारे अंतःकरण में वर्तमान है, उसी ने हमारी रूपरेखा का निर्माण किया है। यदि मनुष्य की आंतरिक स्थिति तुच्छ एवं घृणित है, तो उसके पीछे दुःख तथा क्लेश इस प्रकार लगे हैं, जैसे जीव के पीछे उसकी परछाई। मनुष्य अपने विचारों का फल है। बाह्य स्वरूप मन द्वारा विनिर्मित शरीर वह ढांचा  है, जिसमें वह निरंतर अविच्छिन्न गति से निज शक्तियां संचारित किया करता है। आंतरिक भावनाओं की प्रतिकृति मुख, अंग प्रत्यंगों, क्रियाओं, वार्तालाप, मूक चेष्टाओं, रहन-सहन, व्यवहार में क्षण-क्षण में परिलक्षित होती हैं। जिस प्रकार जिह्वा द्वारा उदर की गतिविधि जानी जाती है, उसी प्रकार मुखमंडल आंतरिक भावनाओं का प्रतिबिंब है।

मन की शरीर पर क्रिया एवं शरीर की मन पर प्रतिक्रिया निरंतर होती रहती है। जैसी आपका मन, वैसा ही आपका शरीर, जैसा शरीर वैसा ही मन का स्वरूप। यदि शरीर में किसी प्रकार की पीड़ा है, तो मन भी क्लांत, अस्वस्थ, एवं पीडि़त हो जाता है। वेदांत में यह स्पष्ट किया गया है कि समस्त संसार की गतिविधि का निर्माण मन द्वारा ही हुआ है। जैसी हमारी भावनाएं, इच्छाएं, वासनाएं अथवा कल्पनाएं हैं, तदनुसार ही हमें शरीर, अंग-प्रत्यंग, बनावट प्राप्त हुई है। मनुष्य के माता-पिता, परिस्थितियां, जन्म स्थान, आयु, स्वास्थ्य, विशेष प्रकार के छिन्न-भिन्न शरीर प्राप्त करना, स्वयं हमारे व्यक्तिगत मानसिक संस्कारों पर निर्भर है।

हमारा बाह्य जगत हमारे प्रस्तुत संस्कारों की प्रतिच्छाया मात्र है। मन तथा शरीर में आत्मा का गहरा नाता है। शरीर तो वैसे भी क्षणभंगुर है, लेकिन आत्मा अमर है। इसलिए सब कुछ स्वयं हमारे अपने हाथ में है कि इस शरीर को कब और कैसे कार्य में लगाना है। व्यर्थ की चिंताओं को छोड़कर अपने मन को अच्छे कार्य में लगाना ही जीवन को सही मायनों में जीना है। इच्छाओं के प्रलोभन से निकलकर ही मन और शरीर उस मार्ग का अनुसरण कर सकते हैं, जिस पर चलकर जीवन सुखद बनता है। वर्तमान दौर में इन सब की बहुत जरूरत है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App