संगठन-मंडल की सिफारिश पर ही कार्यकर्ताओं को पद

By: Jul 9th, 2018 12:08 am

ज्वालामुखी में बोले मुख्यमंत्री जयराम, 2019 में फिर दोहराएंगे 2014 जैसा करिश्मा

ज्वालामुखी— मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने रविवार को ज्वालामुखी के दीप सत्संग भवन में आयोजित प्रदेश पदाधिकारी मोर्चा व जिलाध्यक्ष संयुक्त सम्मेलन में  प्रदेश भर से आए साढ़े तीन सौ के करीब पार्टी  पदाधिकारियों व जिलाध्यक्षों की बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं को विभिन्न पदों पर एडजस्ट किया जाएगा, परंतु इस बारे में सरकार संगठन, मौजूदा मंडल कार्यकारिणी और विधायक की सिफारिशों के आधार पर फैसला लेगी। उन्होंने कहा कि सरकार व संगठन मिल कर काम करेंगे, ताकि प्रदेश का विकास व जन कल्याण हो सके। मुख्यमंत्री ने कहा कि हम 2014 को दोहराते हुए प्रदेश की चारों सीटों को जीतने का संकल्प दोहराकर केंद्र में मोदी जी की सरकार बनाने में शत-प्रतिशत योगदान करेंगे। मोदी पांच साल के लिए नहीं, बीस साल के लिए प्रधानमंत्री बनेंगे, कांग्रेस व अन्य दल उनके नजदीक तक नहीं पहुंच पाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भी अब पांच साल की सरकारों का जमाना चला गया है। अब प्रदेश में भी हम बीस साल की सरकार बनाएंगे। लोगों की समस्याओं को गांव-गांव में जाकर सुनेंगे और उनका हल करेंगे। हमारे जनमंच के कार्यक्रमों को जो अपार सफलता मिली है, उनको गति प्रदान करेंगे। इसके बाद मंडल मिलन कार्यक्रम आयोजित होंगे। केंद्र सरकार की चार साल की उपलब्धियों पर किताब लिखी जा सकती है। साथ ही इन चार सालों में एक भी घोटाला न होना विपक्षी पार्टिंयों के खिलाफ हमारे कार्यकर्ताओं का सबसे बड़ा हथियार होगा। उन्होंने कहा कि छह माह के कार्यकाल में प्रदेश सरकार ने न केवल स्थायित्व ही प्राप्त किया है, बल्कि 4365 करोड़ रुपए प्रदेश के लिए केंद्र सरकार से स्वीकृत करवाकर इतिहास भी रचा है। अब सरकार व संगठन में बेहतर तालमेल के बाद विकास कार्यों को गति प्रदान की जायेगी, जिसमें सभी नेताओं, पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं का सहयोग जरूरी है। सरकार ने कई पदों पर नियुक्तियां कर दी है, बाकी पर भी शीघ्र होंगी, ताकि सरकार व संगठन मजबूती व दृढ़ता से जनता के हितों के लिए काम कर सके। सरकार दोबारा सत्ता में आए और प्रदेश में सरकार रिपीट करने का गौरव भाजपा को प्राप्त हो। भाजपा आज विश्व में सबसे बड़ी पार्टी है। देश में सबसे बड़ा दल है, मोदी प्रधानमंत्री हैं, इससे बड़ी गौरव की बात हमारे कार्यकर्ताओं को जनता को बताने वाली और क्या होगी। इस मौके पर महिला मोर्चा की अध्यक्षा इंदु गोस्वामी, युवा मोर्चा के अध्यक्ष विशाल चौहान,अनुसूचित जनजाति मोर्चा के अध्यक्ष सूरत नेगी,अनुसूचित जाति के अध्यक्ष डा. सिकंदर, अन्य पिछड़ा वर्ग के अध्यक्ष उत्तम चौधरी, अल्पसंख्यक मोर्चा के अध्यक्ष राजबली, किसान मोर्चा के अध्यक्ष बलदेव भंडारी ने अपनी रिपोर्ट पड़ कर संगठन व सरकार के समक्ष सार्वजनिक की। इसमें सभी अध्यक्षों ने संगठन बारे विस्तार से चर्चा की अपने सुझाव दिये कि किस प्रकार संगठन को और गति मिल सकती है। कार्यक्रम में संगठन महामंत्री पवन राणा,प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सतपाल सत्ती, महामंत्री कृपाल परमार,उद्योग मंत्री विक्रम सिंह, पूर्व मंत्री व विधायक रमेश ध्वाला, सांसद अनुराग ठाकुर,सांसद राम स्वरूप शर्मा, सांसद वीरेंद्र कश्यप, मुख्य प्रवक्ता भाजपा रणधीर शर्मा, पार्टी उपाध्यक्ष चंद्रेसन, किसान मोर्चा के उपाध्यक्ष संजय उपाध्याय, जिला अध्यक्ष नरेश चौहान व तीनों हल्कों के मंडल प्रधान व उनकी जुझारू टीमों के सदस्य इस मौके पर उपस्थित थे। सभी वक्ताओं ने अपने विचार प्रकट किए और अंत में स्थानीय विधायक रमेश ध्वाला ने सभी का आभार प्रकट किया। यहां पर की गई व्यवस्था के लिए उन्होंने व्यवस्थात्मक कमेटियों व उनके सदस्यों की सराहना की और 83 वर्ष के बुजुर्ग सेवानिवृत्त डीपीआरओ कमल हमीरपुरी की सराहना की, जो इस उम्र में भी पार्टी के लिए पसीना बहाकर युवाओं के लिए प्रेरणा बने हुए हैं। मुख्यमंत्री व मंच पर विराजमान अन्य लोगों ने उनका तालियां बजाकर स्वागत किया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App