संडे की छुट्टी… घर में काटी

By: Jul 9th, 2018 12:05 am

ऊना —मूसलाधार बारिश के बाद खिली धूप से अब ऊना जिला का पारा एक बार फिर से बढ़ना शुरू हो गया है, जिससे मौसम में भी बदलाव आने लग पड़ा है। तेज धूप व उमस से जिलावासी परेशान हैं। बिना पंखे व कूलर के खड़ा भी नहीं जा रहा है। चंद मिनटों में लोग पसीना-पसीना हो रहे हैं। तेज धूप के बीच घर से बाहर निकलना भी मुश्किल हो गया है। लोग घरों में दुबकने को मजबूर हो गए हैं। रविवार को चिलचिलाती धूप के बीच ऊना शहर के व्यस्त रहने वाले स्थानों पर भी सन्नाटा पसरा रहा। संडे की छुट्टी बाहर घूमने के बजाए घर में आराम फरमा के ही बिताई। बढ़ती गर्मी से बचने के लिए लोग नींबू पानी, स्कवैश, लस्सी, गन्ने का रस, जूस आदि शीतल पेय पदार्थो का सेवन करते दिखे। रविवार को खिली तेज धूप से जिला के पारे में दो डिग्री तक का उछाल आया है। शनिवार को जहां जिला का अधिकत्तम तापमान 37.8 डिग्री था, जो रविवार को बढ़कर 39.2 डिग्री तक पहुंच गया, जबकि अधिकत्तम तापमान 25.6 डिग्री दर्ज किया गया। जिला मौसम अधिकारी विनोद कुमार ने इसकी पुष्टि की है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App