हड़ताल से होगी क्षति

By: Jul 23rd, 2018 12:05 am

राजेश कुमार चौहान

भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश है। लोकतंत्र में सरकार के प्रति रोष प्रकट करने के लिए हड़ताल, धरने-प्रदर्शनों का सहारा लेने का हक हर विभाग, संगठन को है, लेकिन कुछ ऐसी हड़तालें और धरने-प्रदर्शन आम आदमी की रोजमर्रा की जिंदगी को प्रभावित करते हैं। 20 जुलाई को ट्रकों के पहिए भी सरकार के प्रति रोष प्रकट करने के लिए थम गए हैं। ऑल इंडिया मोटर ट्रांसपोर्ट कांग्रेस ने जीएसटी, डीजल की बढ़ती कीमतों और अन्य कुछ समस्याओं के चलते राष्ट्रव्यापी हड़ताल का आह्वान किया है। यह हड़ताल सरकार पर कितना दबाव डाल पाएगी या फिर सरकारें ट्रक आपरेटरों की कितनी मांगें कितनी जल्दी मानेंगी, यह तो आने वाला समय ही बताएगा, लेकिन हमेशा की तरह इस हड़ताल की चक्की में आम आदमी ही पिसेगा। ट्रकों की हड़ताल का असर आम आदमी के महंगाई के जख्मों पर नमक लगाने का काम करेगा, क्योंकि आम आदमी की रोजमर्रा की जिंदगी में प्रयोग होने वाली चीजों की सप्लाई लगभग ठप हो जाएगी। एक तो आजकल वैसे ही मौसमी सब्जियों के दाम आसमान पर हैं। ऐसे में ट्रकों की हड़ताल से जलती आग में घी का काम होगा। इस हड़ताल से जो देश को करोड़ों का नुकसान होगा, उसकी भरपाई भी सरकारें आमजन से महंगाई बढ़ा कर करेंगी। सरकार को इस ट्रक हड़ताल पर प्राथमिकता के तौर पर गंभीरता दिखाते हुए, जल्द से जल्द हड़ताल को खत्म करवाने की कोशिश करनी चाहिए, ताकि आमजन को इसका नकारात्मक असर न झेलना पड़े।

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App