एक नजर

By: Aug 6th, 2018 12:01 am

मिस्र में मारे गए 52 संदिग्ध आतंकवादी

काहिरा — मिस्र के सैनिकों और सुरक्षा बलों ने हाल के दिनों में कम से कम 52 संदिग्धों को मार गिराया है। यह जानकारी मिस्र की सेना ने रविवार को एक बयान जारी कर दी। इसके साथ ही गत फरवरी में रेगिस्तान क्षेत्र में विद्रोहियों को कुचलने के लिए पुलिस तथा अन्य सुरक्षा बलों के सहयोग से सेना द्वारा शुरू किए गए अभियान के दौरान मारे गए संदिग्ध आतंकवादियों की संख्या बढ़कर तीन सौ से अधिक हो गई है।

कांगो में फिर फैला इबोला संक्रमण

डाकार — उत्तरी पश्चिमी कांगों में इबोला संक्रमण से 33 लोगों की मौत के कुछ दिन बाद ही पूर्वी कांगो में इबोला संक्रमण फैल गया है। कांगो के स्वास्थ्य मंत्रालय ने शनिवार को इसकी पुष्टि की। स्वास्थ्य मंत्रालय के बयान अनुसार संक्रमण के 13 मामलों की पुष्टि हो चुकी है, जिनमें तीन मौतें हो चुकी है।

ताशकंद में सुषमा का शास्त्री को नमन

ताशकंद — विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने उज्बेकिस्तान की राजधानी ताशकंद स्थित पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की स्मारक स्थल पर गईं और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रवीश कुमार ने ट््वीट कर कहा कि विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने ताशकंद में स्वतंत्रता सेनानी तथा भारत के दूसरे प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के स्मारक स्थल पर गईं और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कीं।

अफगानिस्तान में नाटो दल पर हमला

काबुल — अफगानिस्तान के पूर्वी प्रांत परवान में रविवार को एक आत्मघाती हमलावर ने नाटो सैनिकों के गश्ती दल पर हमला कर दिया, जिससे तीन जवान मारे गए। नाटो मिशन ने बताया कि हमले में तीन सैनिक मारे गए और नाटो रिजॉल्यूट सपोर्ट मिशन सर्विस का एक सदस्य, एक अमरीकी तथा दो अफगान सैनिक घायल हो गए। उसने बताया कि हमले की जांच की जा रही है।

इंडोनेशिया में भूकंप के तेज झटके

जकार्ता — इंडोनेशिया में लोंबोक द्वीप के उत्तरी तट पर रविवार को भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए।  अमरीका के भूगर्भ सर्वेक्षण के मुताबिक भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 7.0 मापी गई। इंडोनेशिया की आपदा निवारण एजेंसी ने बताया कि भूकंप का केंद्र जमीन से 15 किलोमीटर नीचे था। एजेंसी ने सुनामी की चेतावनी जारी की है। भूकंप से जान-माल के नुकसान की फिलहाल कोई जानकारी नहीं है।

शिया मस्जिद हमले के पीछे आईएस

काहिरा — आतंकवादी संगठन इस्लामिक स्टेट (आईएस) ने अफगानिस्तान की शिया मस्जिद में हुए आत्मघाती बम हमले की जिम्मेदारी ली है। आईएस के लिए काम करने वाली समाचार एजेंसी अमाक ने एक बयान जारी किया है, जिसमें आईएस ने हमले की बात कबूल की।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App