एक नजर

By: Aug 23rd, 2018 12:01 am

फेसबुक-ट्विटर ने हटाए 300 खाते

सैन फ्रांसिस्को — फेसबुक और ट््विटर ने लगभग 300 खातों को हटा दिया। इनमें से अधिकांशत ईरान में बनाए गए खाते थे, जिस पर ‘अनौपचारिक व्यवहार’ का प्रचलन हो रहा था। सोशल मीडिया कंपनियों ने साइबर सुरक्षा से जुड़ी हुई कंपनी फायर आई की की गुप्त सूचना पर यह कार्रवाई की। फायर आई ने बताया था कि इन खातों से ईरान के दुष्प्रचार को बढ़ावा दिया जा रहा है, जिसमें ‘सऊदी विरोधी, इजरायल विरोधी और फिलिस्तीनी समर्थक विषय’ शामिल हैं।

जहरीली शराब पीने से पांच की मौत

शामली — उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश के बावजूद अवैध शराब की बिक्री खुलेआम जारी है। ताजा मामला शामली जिला का है, जहां बीते दो दिनों में जहरीली शराब ने पांच लोगों की जान ले ली, वहीं आठ लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है। इलाके के तीन लोगों की आंख की रोशनी चली गई है। उधर इस मामले में बिड़ौली चौकी प्रभारी समेत पांच पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है।

दूरदर्शन के मंडी हाउस दफ्तर में आग

नई दिल्ली — दूरदर्शन के नई दिल्ली क्षेत्र के मंडी हाउस स्थित कार्यालय में बुधवार दोपहर आग लग गई, जिस पर जल्द ही काबू पा लिया गया। अग्निशमन विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार दूरदर्शन के मंडी हाउस स्थित कार्यालय के भूतल स्थित एसी प्लांट में आग लगने की सूचना 12ः50 बजे प्राप्त हुई और तुरंत ही छह गाडि़यों को रवाना किया गया। आग पर दस मिनट बाद एक बजे काबू पा लिया गया।

मुंबई की इमारत में लपटें, चार की मौत

मुंबई — देश की आर्थिक राजधानी मुंबई के परेल इलाके में बुधवार को एक बहुमंजिला रिहायशी इमारत में आग लगने के बाद चार लोगों की मौत हो गई, जबकि 16 लोग घायल हो गए हैं। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। मरने वालों में एक महिला और तीन पुरुष हैं, वहीं घायलों में दस पुरुष और छह महिलाएं शामिल हैं। फायर डिपार्टमेंट के अधिकारी ने बताया कि आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया गया है।

वरिष्ठ कांग्रेसी नेता कामत का निधन

नई दिल्ली — वरिष्ठ कांग्रेसी नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री गुरुदास कामत का बुधवार को दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। वह 63 वर्ष के थे। उधर, पूर्व प्रधानमंत्री डा. मनमोहन सिंह, संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन की अध्यक्ष सोनिया गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गुरुदास कामत के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App