कैदियों को सुनाई जाएंगी अटल जी की कविताएं!

By: Aug 20th, 2018 12:02 am

नई दिल्ली – उत्तर प्रदेश की जेलों में बंद कैदियों को पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की लिखी कविताएं और उनकी जीवनी सुनाई जा सकती है, ताकि वे अटल जी के जीवन से प्रेरणा लेकर मुख्यधारा में शामिल होने के लिए प्रेरित हों। प्रदेश के जेल राज्य मंत्री जय कुमार सिंह जैकी ने कहा कि मैं मुख्यमंत्री (योगी आदित्यनाथ) से कहूंगा कि उत्तर प्रदेश की जेलों में कैदियों के बीच में अटल जी की जीवनी और उनकी कविताएं सुनाई जाएं। मुझे पूरा भरोसा है कि प्रदेश के बंदी अगर उनकी कविताओं और जीवनी से प्रेरणा लेंगे तो वे अपराध को छोड़कर समाज की मुख्यधारा से जुड़ जाएंगे। पिछले साल दिसंबर में वाजपेयी की 93वीं वर्षगांठ के मौके पर योगी सरकार ने प्रदेश की विभिन्न जेलों से 93 कैदियों को रिहा किया था। ये वे कैदी थे, जिन्होंने अपनी सजा तो पूरी कर ली थी, लेकिन अर्थदंड न चुका पाने के कारण जेलों में बंद थे। एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक उत्तर प्रदेश की 71 जेलों में करीब 98 हजार कैदी और बंदी हैं। इनमें सजायाफ्ता और जिन पर मुकदमे चल रहे हैं दोनों शामिल हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App