बिलासपुर के सवा 44 करोड़ गर्क

By: Aug 20th, 2018 12:05 am

 बिलासपुर —इस साल बिलासपुर जिला में आपदाओं के दौरान जान और माल को खासा नुकसान हुआ है। यदि बिलासपुर के जिला आपदा प्रबंधन एवं प्राधिकरण (डिस्ट्रिक्ट डिजास्टर मैनेजमेंट अथारिटी) की रिपोर्ट को आधार माना जाए तो जिला में इस वर्ष विभिन्न आपदाओं में अभी तक 44.10 करोड़ रुपए का नुकसान हो चुका है। इसमें सड़क दुर्घटनाएं, सर्पदंश और लैंडस्लाइड इत्यादि से हुआ नुकसान शुमार है। जानकारी के मुताबिक इस वर्ष जिला में विभिन्न आपदाओं ने जमकर कहर बरपाया है। सरकारी और गैर सरकारी क्षेत्र में करोड़ों के नुकसान का आकलन किया गया है, जिसकी रिपोर्ट राज्य सरकार को भेजी गई है। इस रिपोर्ट के तहत 19 अगस्त तक 44.10 लाख रुपए के करीब नुकसान का आकलन किया गया है। आपदाओं में जान-माल के साथ किसानों को बड़े पैमाने पर फसलों व पशुधन की भी हानि हुई है। नुकसान की रिपोर्ट के तहत इस वर्ष निजी क्षेत्र में करीब 1.08 करोड़ के नुकसान का आकलन किया गया है। सड़क दुर्घटनाओं, सर्पदंश व लैंडस्लाइड जैसी आपदाओं में 14 लोगों को अपनी जान से हाथ धोना पड़ा। आपदाओं में 10 पालतू पशुओं की जान भी गई है तथा दो पशु घायल हुए हैं जिनका करीब 56 लाख रुपए के नुकसान का आकलन किया गया है। वहीं इस वर्ष मूसलाधार बरसात की वजह से एक पक्का मकान व 17 कच्चे मकान पूरी तरह से जमींदोज हुए हैं और दो पक्के मकानों व 34 कच्चे मकानों को भी भारी नुकसान पहुंचा है। यही नहीं, जिला बिलासपुर में 59 गोशालाएं व छह रसोईघरों को भी नुकसान हुआ है और यह नुकसान करीब 52 लाख आंका गया है।

पीडब्ल्यूडी के 32.51 करोड़ बहे

यदि सरकारी क्षेत्र की बात की जाए तो इस साल सरकारी क्षेत्र में करीब 43.02 करोड़ रुपए के नुकसान का आकलन किया गया है। इसके तहत कृषि विभाग को 17.38 लाख रुपए का नुकसान, उद्यान विभाग को 76 लाख का नुकसान, आईपीएच विभाग को 9.56 करोड़ का नुकसान हुआ है, जबकि सबसे ज्यादा नुकसान लोक निर्माण विभाग को 32.51 करोड़ रुपए के नुकसान का आकलन किया गया है।

बारिश से 4.76 करोड़ का नुकसान

इसी अगस्त महीने 12 व 13 तारीख को हुई भारी बरसात के दौरान चार करोड़ 76 लाख रुपए के नुकसान का आकलन किया गया है। इसमें 4.39 करोड़ सरकारी क्षेत्र, जबकि निजी क्षेत्र में 36 लाख रुपए के नुकसान का आकलन किया गया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App