भाजपा की सरला मंडी जिला परिषद अध्यक्ष

By: Aug 11th, 2018 12:04 am

सीधे मुकाबले में कांग्रेस की चंपा ठाकुर को दस मतों से हराया, कौल पर भारी महेंद्र

मंडी— प्रदेश की दूसरी सबसे बड़ी और मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के गृह जिला मंडी की जिला परिषद पर भी भाजपा का कब्जा हो गया है। भाजपा के समर्थन से जिला परिषद की नई चेयरमैन सरला ठाकुर बनी हैं। शुक्रवार को हुए चुनाव में भाजपा समर्थित कुम्मी वार्ड की पार्षद सरला ठाकुर ने पूर्व में रही अध्यक्ष चंपा ठाकुर को सीधे मुकाबले में दस मतों से पराजित कर जीत दर्ज की है। कुल 36 सदस्यों की जिला परिषद में सरला ठाकुर को 23 मत पड़े, जबकि चंपा ठाकुर को 13 वोट मिले। इनमें तीन वोट वामपंथी पार्षदों के भी हैं। बता दें कि अढ़ाई साल पहले कांग्रेस शासन में चंपा ठाकुर भाजपा समर्थित टांडू वार्ड की पमिता शर्मा का पराजित कर दूसरी महिला जिला परिषद अध्यक्ष बनी थीं, मगर सत्ता परिवर्तन के बाद चंपा ठाकुर को अविश्वास प्रस्ताव लाकर अध्यक्ष की कुर्सी से उतार दिया गया, जिसके बाद शुक्रवार को नए अध्यक्ष के लिए फिर से चुनाव करवाया गया। इस पूरे प्रकरण में आईपीएच मंत्री महेंद्र सिंह और जिला परिषद उपाध्यक्ष पूर्ण चंद ठाकुर की रणनीति काम आई है। हालांकि मंडी-कुल्लू प्रवास के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने भी कांग्रेस समर्थित सदस्यों से चंपा ठाकुर के पक्ष में मतदान करने के निर्देश दिए थे, लेकिन सरकार के आगे उनकी भी नहीं चली। जिला परिषद अध्यक्ष की कुर्सी जीतने के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने सेरी मंच पर पटाखे फोड़ कर जश्न मनाया। इस अवसर पर मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर व अनिल शर्मा, विधायक राकेश जम्वाल, जवाहर ठाकुर और इंद्र सिंह गांधी, जिला परिषद की नवनियुक्त अध्यक्ष सरला ठाकुर और जिला परिषद उपाध्यक्ष पूर्ण चंद ठाकुर सहित अन्य उपस्थित रहे।

कांग्रेस के सात पार्षदों का समर्थन

चुनाव में कांग्रेस समर्थित सात पार्षदों ने भी भाजपा समर्थित प्रत्याशी के पक्ष में मतदान किया है। अढ़ाई वर्ष पहले हुए चुनाव जिप सदन में कांग्रेस और भाजपा समर्थित 16-16 सदस्य जीत कर आए थे, जबकि एक सदस्य आजाद और तीन वामपंथी सदस्यों ने चुनाव जीता था। चंपा ठाकुर के अध्यक्ष बनने के समय तीनों वामपंथी सदस्यों ने चुनाव का बहिष्कार किया था। अनिल शर्मा के भाजपा में शामिल होने से उनके समर्थित जिप पार्षदों के वोट भी भाजपा को मिले हैं।

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App