108 में गूंजीं किलकारियां 

By: Aug 19th, 2018 12:05 am

स्वारघाट—प्राथमिक चिकित्सा केंद्र स्वारघाट की एकमात्र 108 एंबुलेंस स्वारघाट उपमंडल की जनता के लिए वरदान साबित हो रही है। खासकर गर्भवती महिलाओं के लिए। 108 कर्मियों की कार्य निपुणता के चलते आज दिन तक 108 वाहन में दर्जनों सफल डिलीवरी करवाई जा चुकी हैं। इसी कड़ी में शुक्रवार रात करीब नौ बजे पीएचसी स्वारघाट के 108 कर्मियों ने एक बार फिर 108 वाहन में स्वारघाट उपमंडल की ग्राम पंचायत तनबौल के गांव स्यौता की महिला रजनी देवी पत्नी कृष्ण लाल की सफल डिलीवरी करवाई। मामले की पुष्टि 108 के जिला प्रभारी साहिल शर्मा ने की है। उन्होंने बताया कि 108 कर्मियों ने शुक्रवार रात आठ बजकर 54 मिनट पर रजनी देवी की 108 वाहन में डिलीवरी करवाई है। महिला ने स्वस्थ लड़के को जन्म दिया है और जच्चा-बच्चा दोनों स्वस्थ हैं। एहतियात के तौर पर महिला और बच्चे को डिलीवरी के बाद क्षेत्रीय अस्पताल बिलासपुर एडमिट करवाया गया है। स्यौता गांव की रजनी देवी गर्भवती थी। शुक्रवार देर शाम रजनी देवी की तबीयत खराब होने पर परिजनों ने 108 नंबर पर फोन कर रजनी देवी को अस्पताल ले जाने के लिए वाहन मंगवाया। इसके बाद पीएचसी स्वारघाट के 108 कर्मी पायलट कमलजीत और ईएमटी कमल ठाकुर वाहन सहित स्यौता गांव पहुंचे तथा महिला को 108 वाहन में क्षेत्रीय अस्पताल बिलासपुर ले जाने लगे। इस दौरान घर से करीब दो किलोमीटर दूर तंबौल स्थान पर महिला को तेज प्रसव पीड़ा होने लगी। 108 चालक कमलजीत ने तुरंत वाहन को सड़क किनारे पार्क किया और ईएमटी कमल ठाकुर ने अपनी कार्यकुशलता से रात करीब आठ बजकर 54 मिनट पर रजनी देवी की सफल डिलीवरी करवा दी। डिलीवरी के बाद जच्चा-बच्चा दोनों सुरक्षित हैं। महिला रजनी देवी का यह दूसरा बच्चा था। खास बात यह है कि महिला की पहली डिलीवरी आपरेशन से हुई थी। जबकि दूसरी बार नार्मल डिलीवरी करवाना अपने आप 108 कर्मियों की कार्यकुशलता को दर्शाता है। परिजनों ने रजनी देवी की सफल डिलीवरी के लिए एंबुलेंस कर्मियों का आभार व धन्यवाद प्रकट  किया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App