15 तक पर्यटन निगम के होटलों में विशेष छूट

By: Aug 11th, 2018 12:04 am

स्वतंत्रता दिवस का तोहफा; रूम बुकिंग पर 20 फीसदी, खाने पर पांच प्रतिशत डिस्काउंट

 शिमला— हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम ने इस सप्ताह की सरकारी छुट्टियों का लाभ उठाने के लिए ग्राहकों को आकर्षक तोहफा दिया है। निगम ने ऐलान किया है कि स्वतंत्रता दिवस पर 10 अगस्त से सभी होटलों में विशेष छूट दी जाएगी। इसके तहत रूम की बुकिंग पर 20 फीसदी डिस्काउंट रहेगा। निगम के होटल-रेस्टोरेंट में फूड पर पांच प्रतिशत की छूट दी जाएगी। यह सुविधा 15 अगस्त तक जारी रहेगी। जाहिर है कि अगले पांच दिनों में तीन दिन सरकारी अवकाश है। इसी कारण पर्यटन निगम ने हिमाचल में 15 अगस्त के दौरान आ रहे अवकाश के दिनों पर्यटकों को खींचने के लिए डिस्काउंट पैकेज जारी किया है। पर्यटन निगम की प्रबंध निदेशक कुमुद सिंह ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस पर सभी सरकारी एवं व्यावसायिक संस्थानों में अवकाश मनाया जाता है। इस अवसर पर प्रत्येक भारतीय अपने देश के प्रति प्रेम को अभिव्यक्त करने के लिए देशभक्ति से परिपूर्ण अच्छे कार्य करने को उत्सुक रहते हैं। इस विशेष अवसर पर हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम प्रदेश में आने वाले मेहमानों का गर्मजोशी से स्वागत करने के लिए तत्पर रहता है। स्वतंत्रता दिवस को विशेष बनाने के लिए हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम  की समस्त इकाइयों को तिरंगामय प्रकाश के साथ खासतौर पर सजाया जाएगा। मेहमानों व पर्यटकों का स्वतंत्रता दिवस के शुभ अवसर पर गर्मजोशी से तथा देशप्रेम की भावना से ओत-प्रोत स्वागत किया जाएगा तथा उन्हें शुभकामनाएं देकर इस दिवस की गरिमा को बढ़ाया जाएगा। निगम की समस्त इकाइयों के महत्वपूर्ण स्थानों पर स्वतंत्रता दिवस की शुभकामना वाले बैनर लगाकर उनकी सांजोसजा को विशेष तौर पर उल्लेखनीय तथा स्मरणीय बनाया जाएगा। हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम देश पर जान न्योछावर करने वाले अमर शहीद वीर जवानों को तहेदिल से सलाम करता है तथा हमें वर्तमान स्वत्रंत वातावरण प्रदान करने के लिए कोटी-कोटी प्रणाम करता है।

55 होटलों, रेस्तरां व कैफेटेरिया में उत्सव

देश के 72वें स्वतंत्रता दिवस को भव्य बनाने हेतु हिमाचल प्रदेश  पर्यटन विकास निगम अपने होटलों में आने तथा ठहरने वाले मेहमानों को विशेष छूट देगा। दस से 15 अगस्त की उत्सवमयी अवधि के दौरान निगम के होटलों के कमरों का किराए पर 20 प्रतिशत छूट दी जाएगी व इसके अलावा पांच प्रतिशत विशेष छूट 15 अगस्त को खानपान पर मिलेगी। ये छूट निगम के समस्त 55 होटलों, रेस्तरां एवं 11 कैफेटेरिया में लागू रहेगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App