देव गूरों ने अपने ऊपर बरसाईं जंजीरें

By: Sep 5th, 2018 12:05 am

 नौहराधार — जिला सिरमौर का गिरिपार क्षेत्र सदियों पुरानी परंपरा को संजोने के लिए मशहूर है। क्षेत्र में मनाई जाने वाली गुग्गा पर्व की खूब धूम रही। सोमवार मध्यरात्रि तक यह पर्व मनाया गया। गुग्गा महाराज के भक्तों द्वारा खुद को लोहे की जंजीरों से पीटे जाने की धार्मिक परंपरा काफी खतरनाक खेल समझा जाता है। गुग्गा नवमी की पूर्व संध्या कृष्ण जन्माष्टमी की रात गुग्गा महाराज माड़ी के मंदिर के पास पहले जागरण का आयोजन हुआ। उसके बाद बीच-बीच में भक्त अपने आपको देविये शक्ति से जंजीरों व आग से पीटते रहे। गुग्गावल के नाम से मनाया जाने वाला धार्मिक उत्सव चलता है। मजेदार बात यह है कि जब भक्त अपने आपको वजनदार जंजीरों से पीटते हैं तो इन्हें चोट तक नहीं लगती जो लोग अशुद्ध होते हैं उन्हें जरूर चोट लगती है। इस दौरान क्षेत्र के सभी भक्त एक जगह इकट्ठा होकर यह खेल खेलते हैं। लोहे की जंजीरों से बने गुग्गा पीर के अस्त्र समझे जाने वाले कोड़े का वजन करीब दस किलो से ऊपर होता है, जिसे आग में अथवा धूने में गर्म करने के बाद श्रद्धालु इससे खुद पर दर्जनों वार करते हैं। साथ में भक्त आग में भी कूदते हैं। गुग्गावल शुरू होने पर पारंपरिक गारुड़ी कहलाने वाले पारंपरिक लोक गायकों द्वारा विशेष सिरमौरी डमरू की ताल पर गुग्गा पीर शिरगुल महाराज, रामायण व महाभारत आदि वीर गाथाओं का गायन करते हैं। साथ में गुग्गा भक्त अपने आपको ताल पर जंजीरों से पीटते हैं। गिरिपार में यह एकमात्र ऐसा पर्व है, जो जातिगत बंधनों से उपर उठकर मनाया जाता है। यह पर्व मंगलवार दोपहर दो बजे तक मनाया गया। मंगलवार को नर सिंह राजा के गुर द्वारा तीन किलो से बना आटे का बना मोटा रोट खाया गया, जो कि अचंभित करने वाली बात होती है। गिरिपार क्षेत्र की करीब 125 पंचायतों में यह पर्व बड़े धूमधाम से मनाया जाता है, जिसमें रेणुका विधानसभा, राजगढ़ विधानसभा, शिलाई विधानसभा आते हैं। इससे पूर्व नौहराधार के पलाहं गांव में रात को मुख्यातिथि रविंद्र चौहान ने शिरकत की। उन्होंने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की। उन्होंने अपनी ऐच्छिक निधि से आयोजकों को 5100 रुपए की नकद राशि दी। इस मौके पर ग्राम पंचायत प्रधान शांता देवी, बिजेंद्र सिंह, अतर सिंह, विजेंद्र फौजी, धर्मपाल पुंडीर, दिलावर सिंह आदि गणमान्य लोगों ने भाग लिया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App