संगड़ाह में एससी-एसटी एक्ट के खिलाफ विरोध रैली, दलगत राजनीति से ऊपर उठकर एकजुटता की अपील

By: Sep 6th, 2018 1:10 pm

संगड़ाह — उच्चतम न्यायालय के आदेश के बावजूद एससी-एसटी एक्ट में केंद्र सरकार द्वारा बदलाव के खिलाफ गुरुवार को संगड़ाह में राजपूत व ब्राह्मण सभा आदि सवर्ण संगठनों व स्थानीय व्यापार मंडल ने करीब दो घंटे तक विरोध प्रदर्शन किया। विश्राम गृह से प्रात: करीब दस बजे बस अड्डे तक रैली निकालने के बाद बस अड्डा बाजार में प्रदर्शनकारियों ने नुक्कड़ सभा का आयोजन किया। कांग्रेस रेणुकाजी मंडल अध्यक्ष तपेंद्र चौहान ने नुक्कड़ सभा को संबोधित करते हुए उच्चतम न्यायालय के निर्णय के बाद भी केंद्र सरकार द्वारा अनुसूचित जाति, जनजाति कानून को सख्त करने संबंधी काम की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि उक्त कानून का दुरुपयोग सवर्ण जाति के लोगों के खिलाफ होगा। कांग्रेस मंडल अध्यक्ष ने राजपूत, ब्राह्मण व अन्य सवर्ण तबके के लोगों से इस मुद्दे पर दलगत राजनीति से ऊपर उठकर एकजुट होने की अपील की। इस दौरान स्थानीय व्यापार मंडल अध्यक्ष विजेंद्र सिंह, सचिव सीएस तोमर, राजपूत सभा के अध्यक्ष जगत सिंह तथा ब्राह्मण सभा के संयोजक चेतन शर्मा सहित विभिन्न सवर्ण संगठनों से जुड़े कई लोग व कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App