हरियाणा की महिला पहलवानों ने जीते सात स्वर्ण

By: Sep 30th, 2018 4:25 pm

चितौड़गढ़ – कुश्ती के पावरहाउस कहे जाने वाले हरियाणा की महिला पहलवानों ने टाटा मोटर्स अंडर-23 राष्ट्रीय कुश्ती चैम्पियनशिप में अपना दबदबा साबित करते हुए 10 वजन वर्गों में से सात स्वर्ण पदक जीत लिए। हरियाणा की पहलवानों ने कुल सात स्वर्ण अपने नाम किए जबकि उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र और चंडीगढ़ की पहलवानों को एक-एक स्वर्ण मिला। गोरबाडी इंडोर स्टेडियम में खेली जा रही इस चैम्पियनशिप में स्वर्ण पदक जीतने वाले सभी 10 खिलाड़ियों को 12 नवंबर से रोमानिया में शुरू हो रही अंडर-23 विश्व चैम्पियशिप का टिकट भी मिल गया। चैम्पियनशिप के दूसरे दिन हरियाणा के पहलवानों का दबदबा देखने को मिला। इन खिलाड़ियों ने न सिर्फ दर्शकों का ध्यान खींचा बल्कि 10 में सात स्वर्ण पदक अपने नाम करते हुए 225 अंकों के साथ टीम चैम्पियनशिप पर भी कब्जा जमाया। इसके अलावा इस राज्य के पहलवानों ने एक रजत और दो कांस्य पदक अपने नाम कर अंक तालिका में पहला स्थान हासिल किया। दूसरे स्थान पर रहने वाली उत्तर प्रदेश की टीम 158 अंकों के साथ हरियाणा से काफी पीछे रही। उत्तर प्रदेश के एक हिस्से स्वर्ण पदक आया। इसके अलावा इस राज्य ने पांच रजत और एक कांस्य पदक हासिल किया। वहीं पंजाब के हिस्से एक स्वर्ण, दो रजत और तीन कांस्य पदक आए। इस प्रदर्शन के बूते पंजाब तीसरे स्थान पर रहा। 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App