दशहरे की धूम… धू-धू कर जलाई बुराई

By: Oct 20th, 2018 12:06 am

ऊना-हमीरपुर-बिलासपुर में धूमधाम से मनाया पर्व, जगह-जगह रावण-मेघनाद-कुंभकर्ण के पुतले जलाए

ऊना -बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक विजयदशमी दशहरा पर्व जिला ऊना भर में धूमधाम से मनाया गया। ऊना, बसदेहड़ा, बंगाणा, कलोह, दौलतपुर चौक, अंब में विजयदशमी पर रावण, कुंभकर्ण व मेघनाद के पुतलों का दहन करके अच्छाई की बुराई पर जीत का जश्न मनाया गया। मुख्यालय के रावमापा (बाल) के प्रांगण में विजयदशमी पर्व पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस बार का विशेष आकर्षण उड़ते हुए प्रभु हनुमान जी द्वारा पुतलों का दहन रहा। मंच पर वृंदावन से प्रियशरण व ताराचंद एंड पार्टी द्वारा लक्ष्मण व मेघनाद का संवाद दिखाया गया। राम व रावण युद्व का खूबसूरती के साथ मंचन करते हुए सबका मन मोह लिया। इस मौके पर राष्ट्रीय संत बाबा बाल जी महाराज, सांसद अनुराग ठाकुर, प्रदेश भाजपाध्यक्ष सतपाल सत्ती, जिला कांग्रेस कार्यकारी अध्यक्ष विवेक विक्कू, नवदीप कश्यप विशेष रूप से उपस्थित रहे। दशहरा मैदान में करीब 50 फुट ऊंचे रावण, कुंभकर्ण व मेघनाद के पुतले जलाए गए। बुराई के प्रतीक रावण, कुंभकर्ण व मेघनाद के पुतलों को जैसे ही प्रभु श्रीराम ने अग्निबाण से निशाना बनाया, पूरे मैदान में आतिशबाजी का दौर चल निकला। इससे पहले उड़ते हुए भगवान हनुमान ने लंका को जलाकर राख कर दिया। सांसद अनुराग ठाकुर नेे दशहरा उत्सव पर प्रदेशवासियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि श्रीराम की लीलाएं आज भी हमारे लिए मर्यादा सिखाती हंै। उन्होंने कहा कि बुराई पर अच्छाई की जीत का यह पर्व हम सबके लिए जीवन में नई सीख देना वाला है। सतपाल सत्ती ने कहा कि धार्मिक आयोजनों से लोगों में धर्म के प्रति श्रद्धा बढ़ती है। उन्होंने श्री रामलीला कमेटी को सफल आयोजन के लिए बधाई दी। राष्ट्रीय संत बाबा बाल जी महाराज ने उपस्थित संगत को सच्चाई के मार्ग पर चलने की प्ररेणा भी दी। रामलीला कमेटी के पदाधिकारियों ने दशहरा उत्सव को जिला स्तरीय दर्जा देेने की मांग उठाई है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App