नाइजीरियन सोलन के दो युवक चिट्टे के साथ गिरफ्तार

By: Oct 23rd, 2018 12:01 am

सोलन – सोलन पुलिस ने चिट्टे के साथ एक नाइजीरियन को गिरफ्तार किया है। इसके अतिरिक्त पुलिस ने दो स्थानीय युवाओं को भी चिट्टे सहित दबोचा है। जानकारी के अनुसार पुलिस ने 42 वर्षीय नाइजीरियन निवासी फ्रैंक पुत्र ओबोह को 25.48 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। यह सोलन के पुराने बस स्टैंड पर काफी समय से चहलकदमी कर रहा था। इस दौरान पुलिस की उस पर नजर पड़ गई और शक के आधार पर उसकी तलाशी ली गई। इस दौरान उससे चिट्टा बरामद किया गया। यह तीसरा विदेशी नागरिक है, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इसके अलावा पुलिस ने दो युवकों को 4.32 ग्राम चिट्टा के साथ गिरफ्तार किया है। एक युवक की पहचान 18 वर्षीय मुकेश ठाकुर निवासी बसाल और 23 वर्षीय आदित्य पंवर निवासी न्यू बस स्टैंड के रूप में हुई है। दोनों मामलों में गिरफ्तारियों की पुष्टि एसपी मधुसूदन शर्मा ने की है। उन्होंने कहा कि गिरफ्तार नाइजीरियन और अन्य दो युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। अभी तक विदेशी के पास कोई पुख्ता दस्तावेज नहीं मिले हैं। अभी तक तहकीकात में पाया गया कि यह दिल्ली में रहता है, यहां किससे मिलने आया था और चिट्टा किसे सप्लाई करना था। इसकी जांच की जा रही है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App