फिर बिगड़ेगा मौसम

By: Oct 6th, 2018 12:01 am

शिमला – हिमाचल में अक्तूबर के दूसरे हफ्ते मौसम फिर करवट लेगा। मौसम विभाग ने प्रदेश में आठ से दस अक्तूबर तक मौसम खराब बना रहने का पूर्वानुमान लगाया है। इस दौरान कुछ जगह बारिश होने की भी आशंका जताई जा रही है, जबकि 11 अक्तूबर को प्रदेश भर में मौसम शुष्क बना रहेगा। शुक्रवार को अधिकांश क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहा, मगर शीतलहरों के प्रवाह से शिमला, भुंतर, कल्पा, केलांग, सोलन, कांगड़ा और बिलासपुर के अधिकतम तापमान में गिरावट आंकी गई है, जबकि राज्य के अन्य क्षेत्रों के तापमान में एक से तीन डिग्री तक का उछाल आया है। सराहन, पालमपुर और रामपुर में बारिश दर्ज की गई है। सराहन में सात, पालमपुर में दो और रामपुर में एक मिलीमीटर बारिश आंकी गई है, जिससे न्यूनतम तापमान में फिर से गिरावट आई है। कल्पा, मनाली व केलांग का न्यूनतम तापमान लुढ़ककर छह डिग्री से कम आंका गया है, जिसके चलते सुबह-शाम लोगों को कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग के निदेशक डा. मनमोहन सिंह ने खबर की पुष्टि की है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App