भाजयुमो से बाहर होंगे निष्क्रिय पदाधिकारी, बन रहे रिपोर्ट कार्ड

By: Oct 22nd, 2018 12:01 am

शिमला – प्रदेश भारतीय जनता युवा मोर्चा की कार्यसमिति की बैठक के बाद संगठन में जोश भर गया है। भाजयुमो कार्यकर्ता गदगद हैं और लोकसभा चुनाव में भाजपा को जीत दिलाने के लिए फील्ड में उतरने को तैयार हैं। इसके साथ संगठन में निष्क्रिय पदाधिकारी को भी बाहर करने की तैयारी है। ऐसे लोगों का रिपोर्ट कार्ड तैयार कर उनसे ओहदेदारी वापस ली जाएगी। भाजयुमो ने कार्यक्रम बनाया है कि वह जल्दी ही युवा संसद कार्यक्रम शुरू करेगी, जहां युवाओं के मुद्दे सुने जाएंगे और वह सरकार से क्या अपेक्षाएं रखते हैं, इसकी जानकारी लेंगे। इस युवा संसद में बड़ी संख्या में गांव स्तर पर युवा जोडे़ जाएंगे और लोकसभा चुनाव में एक दफा फिर मोदी के हाथ मजबूत करने का आह्वान होगा। युवा मोर्चा ने हर जिला व मंडल स्तर पर प्रशिक्षण शिविर आयोजित करने  के अलावा अगले माह ‘वन बूथ-20 यूथ’ का कार्यक्रम चलाने का निर्णय लिया है।

तेलंगाना जा रहे 700 कार्यकर्ता

भाजयुमो के प्रदेशाध्यक्ष विशाल चौहान व प्रदेश मीडिया प्रभारी वीरेंद्र शर्मा ने कहा कि 25 अक्तूबर को हिमाचल से 700 कार्यकर्ता राष्ट्रीय अधिवेशन के लिए तेलंगाना जाएंगे, जिसका टारगेट तय कर लिया गया है। इसके लिए कार्यकर्ताओं का पंजीकरण भी शुरू हो गया है और पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App