अब भी खेल विभाग बेपरवाह क्यों बना है

By: Nov 16th, 2018 12:07 am

भूपिंदर सिंह

लेखक, राष्ट्रीय एथलेटिक प्रशिक्षक हैं

खेल छात्रावासों के खिलाडि़यों के प्रदर्शन में गिरावट आई है। खेल परिणामों के निरीक्षण के लिए कोई भी कार्यक्रम युवा सेवाएं एवं खेल विभाग के पास नहीं है। खेल विभाग के प्रशिक्षक केंद्रों में कितने खिलाड़ी हैं, इसका ब्यौरा नहीं मिलता है…

हिमाचल प्रदेश में खेलों का स्तर अभी तक बहुत प्रयास करने के बावजूद बहुत नीचे है। हिमाचल प्रदेश में खेलों के प्रचार-प्रसार व उत्थान के लिए सरकार की ओर से युवा सेवाएं एवं खेल विभाग उत्तरदायी है। राज्य खेल परिषद का गठन मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में होता है। उसका सचिव युवा सेवाएं एवं खेल विभाग का निदेशक होता है। सभी राज्य खेल संघों के अध्यक्ष व सचिव इसके सदस्य होते हैं। राज्य खेल परिषद का कार्यालय भी युवा सेवाएं एवं खेल विभाग का निदेशालय ही होता है। हिमाचल प्रदेश में बहुत देर बाद कई खेलों के लिए विश्वस्तरीय प्ले फील्ड बिछाई गई है, मगर उनके रखरखाव में खेल विभाग बिलकुल बेपरवाह रहा है। ऊना में बिछी हाकी एस्ट्रो-टर्फ का क्या हाल हुआ, किसी से छिपा नहीं है। हमीरपुर में बने सिंथेटिक ट्रैक की बदहाली का आलम यह है कि उसके मध्य प्रक्षेपण स्पर्धाओं के लिए बने फील्ड में आजकल फुटबाल के पोल लगा दिए हैं। आठ करोड़ खर्च किए हुए इस मैदान में कोई गैर मैच का व्यक्ति अंदर नहीं जा सकता है। किसी के मैदान में चलने से घास खराब हो जाती है, मगर इस सिंथेटिक ट्रैक को सड़क समझ कर कोई भी अंदर-बाहर आ जा रहा है। क्या हिमाचल सरकार करोड़ों से बने इस ट्रैक की सुध लेगी? युवा सेवाएं एवं खेल विभाग से पूछेगी कि इस सिंथेटिक ट्रैक की इतनी बेकदरी क्यों?

हिमाचल खेल विभाग राष्ट्रीय स्तर पर पदक विजेताओं को भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वालों की तरह नकद इनाम देता है। पिछले तीन वर्षों से यह राशि अभी तक पदक विजेताओं को नहीं मिली है। हिमाचल के कई होनहार कनिष्ठ राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय पदक विजेता इस तरह की बेरुखी से तंग आकर राज्य से पलायन कर दूसरे राज्यों में जाकर अपना प्रशिक्षण कार्यक्रम जारी रखे हुए हैं। जब वे अंतरराष्ट्रीय पदक जीत कर तिरंगे को ऊपर उठाएंगे, तो उनके साथ हिमाचल का नाम न होकर अन्य राज्यों का नाम होगा। क्या यह बर्फ का प्रदेश खेल क्षेत्र में सदैव अपने को पिछड़ा ही पाएगा?

हिमाचल खेल विभाग कब अपना खेल अवार्ड व नकद इनाम के बारे में समारोह करेगा?  हिमाचल के खिलाड़ी इसका इंतजार वर्षों से कर रहे हैं। नई सरकार बनने पर कहा था कि अप्रैल में होगा, फिर अगस्त में होगा, मगर अब तो नवंबर भी आ गया है। खेल विभाग कब तक यह समारोह करवाएगा, यह हर वह पदक विजेता जानना चाहता है, जिसने हिमाचल व भारत के लिए राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीते हैं। हिमाचल प्रदेश युवा सेवाएं एवं खेल विभाग ने अपने प्रदेश में होने वाली खेल प्रतियोगिताओं का एक कैलेंडर बनाया हुआ है। इस कैलेंडर के अनुसार खेल विभाग ने जो तिथियां विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के लिए निर्धारित की हुई थीं, उनको भी महीने बीत चुके हैं। युवा सेवाएं एवं खेल विभाग ने अभी तक कोई भी प्रतियोगिता आयोजित नहीं करवाई है और न ही कोई नई आगामी तिथि निर्धारित की है।

क्या विभाग इस कैलेंडर के अनुसार यह खेल आयोजन कर रहा है या यह भी एक छलावा ही सिद्ध होगा। हिमाचल प्रदेश खेल विभाग में अभी तक कई जिलों के पास किसी-किसी खेल का तो एक भी प्रशिक्षक नियुक्त नहीं है। खेल विभाग प्रशिक्षकों की नियुक्तियों की बात बहुत देर से कर रहा है, मगर आज तक इस विषय में कोई भी ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। सरकार राज्य में नई खेल नीति की बात पिछले दस महीनों से कर रही है। हरियाणा की तरह खेल नीति को बनाने की बात हो रही है। क्या सरकार जल्द ही कोई सार्थक खेल नीति प्रदेश के लिए बनाने जा रही है। पिछले चार वर्षों से राज्य खेल विभाग अपने यहां होने वाली युवा व महिलाओं की प्रतिभा खोज की कोई भी प्रतियोगिता नहीं करवा रहा है। राज्य के खेल छात्रावासों के खिलाडि़यों के प्रदर्शन में गिरावट आई है। खेल परिणामों के निरीक्षण के लिए कोई भी कार्यक्रम युवा सेवाएं एवं खेल विभाग के पास नहीं है। खेल विभाग के प्रशिक्षक केंद्रों में कितने खिलाड़ी हैं, प्रशिक्षक कब प्रशिक्षण देता है इस सब का ब्यौरा नहीं मिलता है।

क्या खेल विभाग अपने प्रशिक्षकों से साप्ताहिक, मासिक व वार्षिक कार्यक्रम लेता है और इस पर कोई निरीक्षण होता है या उसके प्रशिक्षक कोई अपना निजी कार्य कर खेलों को और नीचे ले जा रहे हैं। खेल किसी भी राज्य व देश की तरक्की व खुशहाली का पैमाना होते हैं। हिमाचल प्रदेश युवा सेवाएं एवं खेल विभाग अगर ईमानदारी से अपने प्रशासनिक व प्रशिक्षण कार्यक्रम को लागू करवाता है, तो प्रदेश के अधिक से अधिक ऊर्जावान किशोर व युवा खेल से जुड़कर जहां कुछ राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट खेल परिणाम देेंगे, वहीं पर अधिकतर भविष्य के फिट नागरिक बनकर अपने दायित्वों का निर्वहन ठीक ढंग से करेंगे।

जीवनसंगी की तलाश है? तो आज ही भारत  मैट्रिमोनी पर रजिस्टर करें- निःशुल्क  रजिस्ट्रेशन!


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App