‘पीणी बिस्की-बिस्की’ पर किया डांस

By: Nov 11th, 2018 12:05 am

नौहराधार—भैयादूज के उपलक्ष्य पर जिला सिरमौर के नौहराधार में सांस्कृतिक कार्यक्रम की खूब धूम रही। यह पर्व गिरिपार क्षेत्र में कई जगह मनाया गया। नवंबर माह की कड़ाके की ठंड के बाबजूद लोगों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम का भरपूर आनंद उठाया। नौहराधार में मुख्यातिथि भूषण ज्वेलर्स सोलन ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की व कार्यक्रम के आयोजकों को अपनी ऐच्छिक निधि से 56 हजार की नकद राशि दी। सर्वप्रथम इस क्षेत्र में हाल ही में पुलिस जवान की सड़क दुर्घटना में मृत्यु हुई थी उन्हें सब लोगो ने दो मिनट का मौन व्रत रखा। उसके बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम शुरू हुआ। नवयुवक मंडल द्वारा छोटे नन्हंे कलाकारों ने सरदार भगत सिंह नाटक का मंचन किया गया। इसके बाद चुड़ेश्वर दल के मशहूर कलाकार धर्मपाल ठाकुर ने मंच संभाला। उन्होंने सबसे पहले भोलेनाथ से कार्यक्रम की शुरुआत की। इसके बाद एक से बढ़कर एक पहाड़ी गीतों से लोगों का खूब मनोरंजन किया। राजगढ़ के प्रसिद्ध कलाकार अजय वर्मा ने अपनी प्रस्तुति से खूब वाहवाही लूटी। इस दौरान हिमाचल की सुप्रसिद्ध कलाकारा पूनम सरमाइक ने जैसे ही मंच संभाला उनका श्रोताओं ने सीटियों से स्वागत किया। उन्होंने सबसे पहले पंजाबी गीत दिल दिया रब्बा, पहाड़ी गीत धारो पांदे लागो कुपडू मामा, पिणी बिस्की-बिस्की आदि दर्जनों गीत गाकर दर्शकों का मनोरंजन किया। पहाड़ी कलाकार रणधीर थापा ने दूधो माजे रा खोआ, आठ खाचरी नोवा घोड़ा आदि गीत गाकर नौजवानों को नाचने पर विवश कर दिया। इस सांस्कृतिक कार्यक्रम में डांस इंडिया डांस की लिटल चैंप्स रिया ठाकुर व अक्षरा वर्मा ने बेहतरीन डांस कर कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। अंत में स्टार नाइट कलाकार विनोद रांटा ने मंच संभाला उन्होंने सबसे पहले शिरगुल महाराज वंदना से कार्यक्रम की शुरुआत की उसके बाद खाणी शिमले री जलेबी, घंटी बाजी फोनों री, घोडि़यों केल्टी बिडले बानो, धौनीये रांदे आदि गाने गाकर पंडाल में बैठे श्रोताओं को नचा दिया। इसके बाद फास्ट बिट गाकर झड़ी लगा दी। तथा पूरी रात लोगों को नचाया। गौरतलब हैं कि यह कार्यक्रम पहले नौहराधार गांव में होता था मगर इस बार जगह की कमी के चलते यह कार्यक्रम पंचायत भवन के प्रांगण में किया गया। नवयुवक प्रधान विवेक चौहान, रूपेंद्र चौहान व कुलदीप आदि आयोजकों द्वारा पहली मर्तबा हाई प्रोफाइल मंच व बैठने की व्यवस्था की गई थी, जिसकी लोगों ने खूब सराहना की। इसके अलावा गिरिपार का पारंपरिक बूढ़ा नृत्य, हारुल नृत्य की खूब धूम रही। इसी तरह देवमानल व चौरास में भी सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश हुए। देवमानल में सुरेश शर्मा,  एचडी ब्रदर्स दीपक चौहान, हन्नी नेगी ने शानदार प्रस्तुति से लोगों का मन मोह लिया। देवमानल में मुख्यातिति राजेंद्रा ज्वेलर्स ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की उन्होंने अपनी ऐच्छिक निधि से 51 हजार की राशि भेंट की। उधर, चौरास में भी सांस्कृतिक संध्या का आयोजन हुआ। पहाड़ी कलाकार रविंद्र सिंह चौहान ने एक से बढ़कर एक गाने गाकर व सिरमौर की मशहूर भादरी, टूलकी, गाने गाकर बूढ़े, नौजवानों को खूब नचाया। उन्होंने फास्ट गीत गाकर कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App