बारिश-बर्फबारी से शीतलहर का कहर

By: Nov 4th, 2018 12:20 am

मनाली, किन्नौर, कुल्लू, चंबा, मंडी और सिरमौर की चोटियों पर हिमपात, भरमौर-लाहुल में फंसे लोग

शिमला –बारिश-बर्फबारी से समूचा हिमाचल प्रचंड शीतलहर की चपेट में आ गया है। प्रदेश की ऊंची चोटियों पर शनिवार को भी बर्फबारी का सिलसिला जारी रहा और राज्य के मैदानी इलाकों में झमाझम बारिश हुई। बर्फबारी व बारिश से समूचे राज्य के तापमान  में एकाएक भारी गिरावट आई है। लाहुल घाटी का संपर्क भी शेष विश्व से कट गया है। हिमपात व ठंड के चलते लोग घरों में कैद हो गए हैं। मौसम विभाग की मानें तो रविवार को भी राज्य के मैदानी व मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में फिर बारिश होगी, जबकि ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना जताई जा रही है। शनिवार को किन्नौर, कुल्लू, चंबा, मंडी, सिरमौर के चूड़धार व जिला शिमला की ऊंची चोटियों पर बर्फबारी रिकार्ड की गई है। पर्यटन नगरी मनाली में भी सीजन की पहली बर्फबारी हुई है, जबकि प्रदेश के अधिकतर क्षेत्रों में शनिवार सुबह से बारिश का सिलसिला शुरू हो गया था। ताजा बर्फबारी व बारिश से अधिकतम तापमान में एक से 11 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है, जबकि न्यूनतम तापमान तीन से चार डिग्री तक लुढ़क गया है। कल्पा के अधिकतम तापमान में सबसे अधिक 11.0 डिग्री की गिरावट आई है। राजधानी शिमला में 9.0 डिग्री तक पारा लुढ़का है। इसके अलावा सोलन में 6.0, सुंदरनगर व भुंतर में 4.0, नाहन- हमीरपुर में 3.0 डिग्री तक पारा लुढ़का है। कल्पा का अधिकतम पारा लुढ़क कर 1.2 डिग्री तक पहुंच गया है। केलांग में भी कंपकंपाती ठंड से पारा लुढ़का है। यहां अधिकतम तापमान 2.1 डिग्री दर्ज किया गया है।

केलांग माइनस में

बर्फबारी से केलांग का न्यूनतम तापमान लुढ़क कर माइनस डिग्री में पहुंच गया है। यहां न्यूनतम पारा -1.3 डिग्री आंका गया है। कल्पा का पारा भी गिरकर शून्य तक पहुंच गया है।

इतना हिमपात

केलांग     32.0 सेंमी.

कोठी      7.0 सेंमी.

कल्पा     4.0 सेंमी.

बजौरा     43.0 सेंमी.

मनाली     40.0 सेंमी.

भुंतर       30.0 सेंमी.

सराहन     22.0 सेंमी.

तीसा       20.0 सेंमी.


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App