महिलाओं का मंडल बनाने का सपना टूटा

By: Nov 25th, 2018 12:05 am

सुजानपुर—एक तरफ  प्रदेश सरकार महिला मंडलों के गठन को लेकर आए दिन फरमान जारी कर रही है और महिलाओं से आह्वान किया जा रहा है कि वह गठित होकर महिला मंडलों का निर्माण करें लेकिन नगर परिषद सुजानपुर में राज्य सरकार के यह फरमान अधूरे ही नजर आ रहे हैं। यहां पर महिलाएं तो महिला मंडल गठन को लेकर सक्रिय हैं, लेकिन विभागीय उच्च अधिकारी महिला मंडलों के गठन को लेकर दिलचस्पी नहीं दिखा रहे। यही कारण है कि बुधवार को नगर परिषद सुजानपुर की मासिक बैठक में गठित होने के लिए आए तीन महिला मंडल वहां से बैरंग ही वापस लौट गए। उन्हें महिला मंडल गठन हेतु कोई अनापत्ति प्रमाण पत्र नहीं दिया गया। यह महिलाएं बीते कई महीनों से अपने महिला मंडलों को गठित करने का सपना संजोए हुए हैं। महिला मंडल में कौन महिलाएं शामिल होंगी, कौन अध्यक्ष बनेगा, महिला मंडल की क्या कार्यकारिणी रहेगी, तमाम तैयारियां पूरी होने के बावजूद नगर परिषद सुजानपुर में ऐसे महिला मंडलों को अनापत्ति प्रमाण और उनके प्रोपोजल को पेंडिंग कर आगामी बैठक के लिए छोड़ दिया गया। मिली जानकारी अनुसार सुजानपुर के वार्ड नंबर पांच आठ और सात की महिलाओं ने तीन महिला मंडल गठन बारे अपनी फाइल नगर परिषद कार्यालय सुजानपुर में जमा करवाई है। पंजीकरण हेतु नगर परिषद की ओर से जारी होने वाली एनओसी के लिए आवेदन किया है, लेकिन इस बार भी उन महिला मंडलों को टरका दिया गया। यह कहा गया कि महिला मंडलों के गठन को लेकर नगर परिषद ने प्रस्ताव नहीं डाला है, जिसके चलते आगामी बैठक में इस पर चर्चा की जाएगी। हालांकि महिला मंडल गठन को लेकर कुछेक पार्षदों के साथ-साथ नगर परिषद उपाध्यक्ष कमलेश कुमारी ने एनओसी देने की गुहार भी आला अधिकारियों से लगाई लेकिन गठन प्रक्रिया को ठंडे बस्ते में डाल दिया गया। इस तरह की कार्रवाई से राज्य सरकार जो महिला मंडलों के उत्थान को लेकर महिला मंडल गठन करने के लिए लगातार आह्वान कर रही है तमाम आदेश निर्देश धूमिल होते हुए नजर आ रहे हैं।  महिला मंडल गठन क्यों नहीं किया गया। इसे हर बार पेंडिंग क्यों रखा जा रहा है, तमाम बातें चर्चा का विषय बने हुए हैं। उधर इस विषय पर नगर परिषद अधिकारी किशोरी लाल ठाकुर ने बताया कि तीन महिला मंडल ने एनओसी प्राप्ति के लिए आवेदन किया है। बैठक में चर्चा की गई थी लेकिन प्रस्ताव बैठक में नहीं होने के चलते इसे आगामी बैठक के लिए रखा गया है। उधर नगर परिषद के पूर्व अध्यक्ष रमन भटनागर ने नगर परिषद द्वारा महिला मंडलों को एनओसी न देने  पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि नगर परिषद महिला मंडलों के गठन हेतु एनओसी देने में आनाकानी कर रही है। यह सही बात नहीं है । इस तरह की कार्रवाई से राज्य सरकार के आदेश धूमिल होते हुए नजर आ रहे हैं।

जीवनसंगी की तलाश है? तो आज ही भारत  मैट्रिमोनी पर रजिस्टर करें- निःशुल्क  रजिस्ट्रेशन!


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App