श्रीरेणुकाजी मेले से देव विदाई

By: Nov 24th, 2018 12:10 am

श्रीरेणुकाजी—अंतरराष्ट्रीय श्रीरेणुकाजी मेले का शुक्रवार को देव विदायगी के साथ समापन हो गया। इस दौरान देव विदायगी में बतौर मुख्यातिथि पहुंचे हिमाचल प्रदेश के महामहिम राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने कहा कि भारत की संस्कृति मेले और त्योहारों की है, जिससे आपसी भाईचारे और प्रेम को बढ़ावा मिलता है। राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने लोगों का आह्वान करते हुए कहा कि भगवान परशुराम का चरित्र उच्च आदर्शों वाला रहा है तथा शास्त्रों और शस्त्र दोनों विधाओं से उन्होंने समाज को संदेश दिया है। राज्यपाल ने इस दौरान कहा कि प्रदेश में युवा पीढ़ी नशे की गर्त में जा रही है जिसे प्रदेश सरकार मिशन बनाकर नशे के विरुद्ध अभियान छेड़ रही है। राज्यपाल ने किसानों से आह्वान करते हुए प्राकृतिक खेती को अपनाने का संदेश दिया। उन्होंने बताया कि पूरे प्रदेश में जल्द ही विशेष शिविरों के तहत प्राकृतिक खेती की किसानों को ट्रेनिंग दी जाएगी। वहीं प्राकृतिक खेती तथा घरेलू गाय से तैयार खाद से उत्पन्न उत्पादों को दिल्ली, पंजाब और मुंबई के बाजारांे में दुकानों के माध्यम से विपणन किया जाएगा। राज्यपाल ने कहा कि 2022 तक प्राकृतिक खेती से किसान जीरो बजट से अपनी आय दोगुनी करने लगेगा। इससे पहले अंतरराष्ट्रीय रेणुकाजी मेले के समापन पर पहुंचे राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने मेले में विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई विभागीय प्रदर्शनियों का अवलोकन भी किया। इस अवसर पर राज्यपाल ने प्रदेश में बेटियों के लिए सुरक्षित माहौल, पानी का संरक्षण एवं आपसी भाईचारे को कायम रखने का भी आह्वान किया। उन्होंने मेले के समापन अवसर पर विभागीय प्रदर्शनियों में प्रथम स्थान पर रहने वाली आयुर्वेदिक विभाग, दूसरे स्थान पर रहने वाली कृषि विभाग तथा तीसरे स्थान पर रहने वाली शिक्षा विभाग की प्रदर्शनी को पुरस्कृत किया। रेणुकाजी विकास बोर्ड के अध्यक्ष उपायुक्त सिरमौर ललित जैन ने राज्यपाल को सिरमौरी लोईया, डांगरा, स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया। इससे पूर्व राज्यपाल ने भगवान परशुराम मंदिर परिसर मंे हवन यज्ञ किया, जिसमंे उपायुक्त सिरमौर व अन्य गणमान्य व्यक्ति यज्ञ के यजमान बने। राज्यपाल ने हवन यज्ञ को भारत भूमि की प्राचीन वैदिक पूजा पद्धति बताते हुए मंत्रोच्चारण से सभी प्राणियों की मंगल कामनाओं के लिए हवन पद्धति अपनाने का आह्वान किया।

जीवनसंगी की तलाश है? तो आज ही भारत  मैट्रिमोनी पर रजिस्टर करें- निःशुल्क  रजिस्ट्रेशन!


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App