जींद में विधानसभा चुनावों की तैयारियां

By: Dec 26th, 2018 12:01 am

केंद्रीय इस्पात मंत्री वीरेंद्र सिंह की पार्टी कार्यकताओं से बैठक, बनाई रणनीति

जींद -केंद्रीय इस्पात मंत्री वीरेंद्र सिंह ने कहा है कि जींद विधानसभा क्षेत्र का उपचुनाव आगामी 25 फरवरी तक होने की संभावना है और अगले आठ-दस दिनों में इसकी घोषणा हो सकती है। कार्यकर्ताओं को इसके लिए तैयार रहना चाहिए। श्री सिंह ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यालय में प्रदेश पदाधिकारियों की एक बैठक को संबोधित करते हुए यह बात कही। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से इस उपचुनाव के लिए पूरी तरह से तैयार रहने तथा इसमें जीत सुनिश्चित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कोई भी चुनाव कार्यकर्ताओं के दम पर ही जीता जाता है तथा हाल के निगम चुनावों में महापौर पदों पर पार्टी उम्मीदवारों की जीत भी कार्यकर्ताओं की मेहनत से ही सुनिश्चित हो सकी। इस बैठक में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुभाष बराला ने कहा कि हाल के महापौर पदों पर पार्टी प्रत्याशियों की जीत से यह साफ हो गया है कि सरकार हर वर्ग के लिए और सभी क्षेत्रों में समान विकास कर लोगों की अपेक्षाओं पर खरी उतरी है। उन्होंने उसके काम को सराहा है। इसका फायदा पार्टी को अगले वर्ष लोकसभा एवं विधानसभा चुनाव में भी मिलेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार ने गत चार सालों में इतने विकास के जितने काम किए हैं, उतने तो गत 15 सालों में  भी नहीं हुए। जींद विधानसभा क्षेत्र के उप चुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि इसकी घोषणा किसी भी समय हो सकती है। इसलिए कार्यकर्ताओं और पार्टी पदाधिकारियों को अभी से इसे जीतने के लिए प्रयास शुरू करने चाहिए। इस बैठक में विधायक प्रेमलता तथा पार्टी के अन्य कई पदाधिकारी और नेता मौजूद थे।

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App