मंडी में बीच आपरेशन कार्बन डाइआक्साइड खत्म

By: Dec 22nd, 2018 12:03 am

जोनल अस्पताल में परिवार नियोजन कैंप में बड़ी लापरवाही; किसी ने नहीं ली सुध, पेट में हवा भरते वक्त मशीन खराब

मंडी —मुख्यमंत्री के गृह जिला के जोनल अस्पताल मंडी में परिवार नियोजन कैंप के दौरान बड़ी लापरवाही सामने आई है। फैमिली प्लानिंग के आपरेशन के बीच में ही पहले तो पेट में हवा भरने के उपकरण में खराबी आ गई और बाद में कार्बन डाइआक्साइड गैस का सिलेंडर खत्म हो गया। इस कारण महिला का आपरेशन आधा ही रोकना पड़ा। यही नहीं, परिवार नियोजन कैंप के दौरान सीओ-2 गैस सिलेंडर की व्यवस्था जिसे करनी होती है, उसके पास न तो कोई बैकअप था और न ही वह खुद मौके पर था। इस पर भी सबसे ज्यादा हैरानी की बात तो यह है कि आपरेशन के लिए ऐनेस्थिसिया के डाक्टर को शुक्रवार सुबह तक इस बात की जानकारी ही नहीं थी कि आज परिवार नियोजन के आपरेशन रखे गए हैं। जानकारी के अनुसार शुक्रवार को जोनल अस्पताल में परिवार नियोजन के 30 आपरेशन रखे गए थे। महिला भूखे प्यासे आपरेशन करवाने के लिए बैठी हुई थीं। डेढ़ बजे आपरेशन शुरू हुए तो पहले मशीन में खराबी आ गई। इस कारण दो घंटों मशीन ठीक करवाने में ही लग गए। मशीन ठीक कर काम शुरू ही हुआ ही था कि दसवीं महिला के आपरेशन के वक्त पेट में हवा भरने वाले कार्बनड ाइआक्साड गैस का सिलेंडर ही खत्म हो गया। इस कारण महिला का आपरेशन बीच में हो रोका गया। महिला पेट में एक जगह ही क्लैंप लगाया था, दूसरी जगह कैंप लगना बाकि था। इसके बाद महिला को एनेस्थिसिया से हटा कर वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया। यह वाक्या साढ़े तीन बजे के बाद का है।

प्रशासन ने नहीं की सुनवाई

दोपहर करीब डेढ बजे आपरेशन शुरू हुए, लेकिन साढ़े तीन बजे के बाद कार्बन डाइआक्साइड गैस का सिलेंडर खत्म हो गया। इस बीच अस्पताल प्रशासन के अधिकारी को भी जानकारी दी गई, लेकिन कोई सुनवाई ही नहीं  हुई।

भूखी प्यासी बैठी रहीं महिलाएं

कार्बन डाइआक्साइड के खत्म होने और अस्पताल प्रशासन द्वारा व्यवस्था न करने के चलते महिलाएं दिन भर भूखी प्यासी बैठाए रखीं। आपरेशन साढे़ तीन बजे रुक चुके थे, लेकिन सात बजे तक यही साफ नहीं था कि अब आपरेशन होंगे या नहीं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App