‘मैजिक फिगर’तक नहीं पहुंचा अंडों का उत्पादन

By: Dec 27th, 2018 12:01 am

लगातार तीसरे साल भी हिमाचल नहीं छू पाया दस करोड़ का आंकड़ा, राष्ट्रीय औसत से काफी नीचे

पालमपुर – अंडों के उत्पादन में प्रदेश लगातार तीसरे वर्ष दस करोड़ के मैजिक फिगर से दूर रहा है। पोल्ट्री उद्योग व बैकयार्ड पोल्ट्री को दिए जा रहे प्रोत्साहन के बावजूद पिछले छह साल में बीते तीन वर्षाें से अंडों का उत्पादन इससे पहले की संख्या से कम रह रहा है। इसका सीधा-सीधा असर प्रदेश में प्रति व्यक्ति अंडों की उपलब्धता के आंकड़े पर भी पड़ रहा है। राष्ट्रीय स्तर पर जहां अंडों के उत्पादन में बढ़ोतरी देखी जा रही है, वहीं प्रदेष में उत्पादन 2014-15 के अपने सर्वश्रेष्ठ 1084.34 लाख के आंकड़े तक भी नहीं पहुंच पा रहा है। जानकारी के अनुसार 2017-18 में प्रदेश में 981.40 लाख अंडों का उत्पादन हुआ। राष्ट्रीय स्तर पर अंडों के उत्पादन का ग्राफ लगातार बढ़ रहा है और 1950-51 के 1832 मिलियन से बढ़कर 2017-18 में 95217 मिलियन तक जा पहुंचा है। बढ़ते उत्पादन के चलते ही राष्ट्रीय स्तर पर प्रति व्यक्ति सालाना अंडों की उपलब्धता का आंकड़ा 74 तक पहुंच गया है। वहीं, प्रदेश में 2015-16 में यह आंकड़ा गिरकर 12 तक जा पहुंचा था, जो कि 2016-17 के बाद 2017-18 में भी 14 रहा है। गौर रहे कि 2013-14 के बाद से लगातार यह आंकड़ा 16 पर टिका हुआ था। प्रति व्यक्ति सालाना अंडों की उपलब्धता की सूची में भी हिमाचल निचले प्रदेशों में शामिल है। राष्ट्रीय स्तर पर अंडों के उत्पादन का ग्राफ  हर साल बढ़ रहा है। 2013-14 में 74752 मिलियन, 2014-15 में 78484, 2015-16 में 82929, 2016-17 में 88137 के बाद 2017-18 में उत्पादन 95217 मिलियन तक जा पहुंचा है। अंडों के उत्पादन की बढ़ती संख्या के चलते ही प्रति व्यक्ति उपलब्ध अंडों का आंकड़ा भी 2016-17 के 69 के मुकाबले अब 74 तक जा पहुंचा है।

आंध्र प्रदेश सबसे आगे 

अंडों के उत्पादन के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर तमिलनाडू का मात देकर आंध्र प्रदेष सबसे आगे पहुंच गया है। यहां पर 2017-18 में 177778.35 लाख अंडों का उत्पादन हुआ। इस सूची में 174161.11 लाख के आंकड़े के साथ तमिलनाडू दूसरे और 126700.02 लाख अंडों के उत्पादन के साथ तेलंगाना तीसरे स्थान पर रहा। हिमाचल उन दस प्रदेशों की सूची में शामिल है, जहां पर सालाना अंडों के उत्पादन का ग्राफ दस करोड़ के आंकड़े तक नहीं पहुंच पाया।

अंडों का उत्पादन (लाखों में)

साल         प्रदेश        देश

2012-13  1069.39 697307.17

2013-14  1075.48  747518.75

2014-15  1084.34  784838.68

2015-16 811.67   829294.37

2016-17 958.99   881385.77

2017-18  981.40   952173.34


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App