सत्ता की भूख में धोखा दे रही कांग्रेस

By: Dec 16th, 2018 12:01 am

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सत्ती बोले, राफेल डील पर जनता से माफी मांगें राहुल

शिमला  — भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने कांग्रेस पर सत्ता की भूख में देश को धोखा देने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा है कि सत्ता की भूख में पार्टी देश को भी धोखा देने से गुरेज नहीं करती है। राफेल डील पर कांग्रेस द्वारा बोला गया लगातार झूठ इसी बात का उदाहरण है। उन्होंने कहा कि सर्वोच्च न्यायालय द्वारा राफेल मामले में दिए गए निर्णय ने यह साबित कर दिया है कि केवल तीन राज्यों में सत्ता पाने के लालच में कांग्रेस देश की जनता को झूठ बोलकर लगातार गुमराह करती रही। सच का गला घोंटकर इस झूठ ने कांग्रेस पार्टी को तीन राज्यों में तो सत्ता दिला दी, पर जो धोखा व अपमान देश की जनता का किया है, उसे देश की जनता कभी नहीं भूलेगी। कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष को राफेल मामले में सर्वोच्च न्यायालय द्वारा दिए गए निर्णय के बाद देश की जनता से माफी मांगनी चाहिए। सत्ती ने कहा कि राफेल मामले में लगातार झूठ बोलकर कांग्रेस पार्टी ने न केवल जनता को भ्रम में रखा, बल्कि स्वार्थ सिद्धि के लिए देश की सुरक्षा को भी दाव पर लगा दिया। देश की रक्षा जरूरतों के बावजूद कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में राफेल नहीं खरीदा गया और जब मोदी सरकार ने इस संदर्भ में निर्णय लिया, तो कांग्रेस ने देश के दुश्मनों के हाथों खेलकर इस महत्त्वपूर्ण रक्षा सौदे पर भ्रम फैलाकर देश के हितों के खिलाफ काम किया। कांग्रेस ने कभी भी इस मामले पर गंभीर रुख इख्तियार नहीं किया। राफेल के जिस खाली ढांचे को पूर्व कांग्रेस सरकार 520 करोड़ रुपए में खरीदने के लिए तैयार थी, मोदी सरकार ने उसी राफेल को 480 करोड़ रुपए में खरीदा और जब उस पर लगे अत्याधुनिक हथियारों के कारण उसकी कीमत बढ़ी, तो कांग्रेस ने उन हथियारों की कीमतों के बारे में प्रश्न चिन्ह खड़ा करके देश के दुश्मनों को फायदा पहुंचाने की कोशिश की। कांग्रेस के लिए कभी देशहित सर्वोपरि नहीं रहे, उनके लिए केवल पार्टी हित सर्वोपरि है, जिसके लिए उन्होंने कभी भी देशहित को दाव पर लगाने का गुरेज नहीं किया। सर्वोच्च न्यायालय के निर्णय के बाद अब कांग्रेस पार्टी में थोड़ी भी शर्म और नैतिकता बची है, तो उन्हें तुरंत देश की जनता से बिना शर्त माफी मांगनी चाहिए।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App