8224 चालान काट सिखाया बिगड़ैलों को सबक

By: Dec 14th, 2018 12:05 am

सुजानपुर —वर्ष 2018 में सुजानपुर पुलिस ने बेहतरीन कार्यप्रणाली का प्रदर्शन करते हुए जहां आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाया है वहीं दूसरी तरफ  यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों पर अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई कर रिकार्ड दर्ज किया है। सुजानपुर पुलिस की इस तरह की कार्रवाई से क्षेत्र में खुशी की लहर है। इसके साथ-साथ ऐसे वर्ग जो यातायात नियमों की अवहेलना करना, शराब पीकर वाहन चलाना शौक समझते हैं उनके लिए सुजानपुर पुलिस कहर बनकर सामने आई है। सुजानपुर थाना से मिली जानकारी अनुसार वर्ष 2017 और वर्ष 2018 के मुकाबले सुजानपुर पुलिस ने क्राइम ग्राफ  में भारी गिरावट दर्ज की है। आंकड़ों की बात की जाए, तो वर्ष 2017 में लड़ाई-झगड़े संबंधित छह मामले दर्ज हुए थे। वहीं इस बार यह आंकड़ा तीन मामलों का है। चोरी संबंधी मामले बीते वर्ष दो दर्ज किए गए थे, जबकि इस वर्ष मात्र एक मामला वर्ष भर में दर्ज हुआ है। एक्साइज शराब तस्करी के बीते वर्ष दर्जनभर मामले दर्ज हुए थे, जबकि इस बार दस मामले दर्ज हुए हैं। रेप जैसी घिनौनी वारदात बीते वर्ष एक मामला दर्ज हुआ था, जबकि इस वर्ष यह आंकड़ा शून्य है। धारा उल्लंघन करने संबंधी बीते वर्ष एक मामला दर्ज था। वहीं इस वर्ष इस अपराध के दो मामले दर्ज हुए हैं। वन अधिनियम के तहत चोरी-छिपे वनों का कटान करने वालों पर सुजानपुर पुलिस ने इस वर्ष दो मामले दर्ज किए हैं, जबकि बीते वर्ष यह आंकड़ा मात्र एक था। सार्वजनिक स्थान पर जुआ खेलने वालों के ऊपर सुजानपुर पुलिस ने गत वर्ष की तुलना में इस वर्ष चार मामले दर्ज किए हैं। बीते वर्ष यह आंकड़ा शून्य था। दुर्घटनाओं पर सुजानपुर पुलिस ने काफी हद तक अंकुश लगाया है। जागरूकता अभियान चलाकर समय-समय पर पंचायतों में जाकर मोटर व्हीकल एक्ट संबंधी नियम समझाए गए हैं, जिसके चलते दुर्घटनाओं पर अंकुश लगा है। गत वर्ष यह आंकड़ा दर्जन भर का था। वहीं इस वर्ष यह आंकड़ा दस है। मादक अधिनियम तस्करी के ऊपर सख्त कार्रवाई करते हुए सुजानपुर पुलिस ने गत वर्ष सात मामले दर्ज किए थे। इस वर्ष सख्त कार्रवाई करते हुए इतने ही मामले दर्ज किए गए हैं। बात यातायात नियमों को न मानने वालों की करें, तो सुजानपुर पुलिस ने ऐसे वाहन चालकों पर कहर बरपाते हुए युद्ध स्तर पर कार्रवाई की है। इसी कार्रवाई का परिणाम है कि सुजानपुर क्षेत्र में दुर्घटनाओं पर अंकुश लगा है। गत वर्ष एमवी एक्ट के तहत 4264 चालान किए गए थे। वहीं इस वर्ष यह आंकड़ा डबल 8224 पर पहुंच गया है। शराब पीकर वाहन चलाकर दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने में सुजानपुर पुलिस कामयाब हुई है। इसके चलते जहां बीते वर्ष ड्रिंक एंड ड्राइव का एक भी मामला दर्ज नहीं हुआ था। वहीं इस वर्ष यह आंकड़ा 450 तक पहुंचा है, जिन्हें शराब पीकर वाहन चलाने के जुर्म में न्यायालय के अधीन किया गया है। अवैध खनन करने वालों पर सुजानपुर पुलिस ने गत वर्ष 120 चालान किए थे। पंचायत स्तर एवं थाना स्तर पर ही उनकी समस्याओं का निवारण हो सके। इसके लिए सुजानपुर पुलिस लगातार कार्य कर रही है। यातायात नियमों की अवहेलना करने वालों पर पुलिस ने कार्रवाई की है, जिसके चलते दुर्घटनाओं पर अंकुश लगा है। यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों पर सुजानपुर पुलिस की कार्यवाही लगातार जारी रहेगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App