चंडीगढ़ करेगा महिला जैविक उत्सव की मेजबानी

By: Jan 11th, 2019 12:02 am

चंडीगढ़ – नया साल के शुरू से लेकर अब तक चंडीगढ़ में हर दिन कोई कार्यक्रम हो ही रहा है। नए साल के वेलकम में जहां सीटी ब्यूटीफुल में नया जोश देखने को मिला था, वहीं अब फिर से कुछ ऐसा ही होने जा रहा है। जी हां, दरअसल, छठे भारतीय महिला जैविक उत्सव की मेजबानी इस साल चंडीगढ़ करने जा रहा है। 12 से 14 जनवरी के बीच सेक्टर-10 में आयोजित होने वाले इस महिला उत्सव में देश भर की नारी शक्ति शिरकत करेगी। उत्सव को आयोजित करने का मुख्य उद्देश्य जैविक क्षेत्र से संबंधित भारत के दूरदराज इलाकों की महिला किसानों और उद्यमियों को प्रोत्साहित करना है। जानकारी के अनुसार, इस कार्यक्रम में सैकड़ों महिलाएं भाग लेंगी। वहीं, उत्सव में होने वाले कार्यक्रमों की बात करें तो इसमें एक हजार से अधिक विभिन्न जैविक उत्पाद पेश किए जाएंगे, जिनमें वस्त्र, आरोग्य, अनाज, बीज, आभूषण, बेकरी के उत्पाद शामिल रहेंगे।

महिला किसानों और खरीददारों में बढ़ेगा संपर्क

इस बारे में जानकारी देते हुए महिला एवं बाल विकास मंत्री मेनका गांधी ने कहा कि इस उत्सव का उद्देश्य भारतीय महिला उद्यमियों और किसानों को अधिक से अधिक खरीददारों के साथ संपर्क स्थापित करना है।

स्वाद बढ़ाएगा फूड-कोर्ट

इस मौके पर कार्यक्रम में भाग लेने वाले लोगों को फूड-कोर्ट को भी देखने का मौका मिलेगा, जहां विभिन्न प्रकार की खाने-पीने की चीजें होंगी। उल्लेखनीय है कि भारतीय महिला जैविक उत्सव साल 2015 से हर वर्ष देश की राजधानी नई दिल्ली में आयोजित होता रहा है। यह पहली बार ही है कि जब इस उत्सव का आयोजन चंडीगढ़ में किया जाएगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App