हरियाणा पुलिस ने दो बेटियों को मिलाया परिवार से

By: Jan 22nd, 2019 12:01 am

पंचकूला – हरियाणा पुलिस की स्टेट क्राइम ब्रांच की टीम ने एक लड़की को 12 साल तथा दूसरी लड़की को 15 साल बाद परिवार से मिलवाया है। यह दोनों लड़किया रायपुररानी के नजदीक भुरेवाला स्थित सान्तवना भवन में रहती थी। यह जानकारी हरियाणा पुलिस मुख्यालय के प्रवक्ता ने दी। प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि झारखंड के रामपुर गांव में रहने वाली तारा छह वर्ष की उम्र में गांव से गुम हो गई थी। उस समय उसे अपने गांव व अपनी मां नाम याद था, बाकी कुछ नहीं पता था। इसी प्रकार बिहार की रहने वाली गूंजनिया आठ साल की उम्र में अपने परिजनों से बिछड़ गई थी। कुछ दिनों पहले स्टेट क्राइम ब्रांच के सहायक उप-निरीक्षक राजेश कुमार को भुरेवाला स्थित स्तानवन भवन से दोनों बच्चो के बारे जानकारी मिली कि उनके यहां दो लड़कियां है, जो कि लगभग 10 साल से उनके पास रह रही हैं। क्राइम ब्रांच की टीम ने लड़कियों से मिली जानकारी के अनुसार काम करना शुरू कर दिया और कड़ी मेहनत के बाद दोनों बच्चियों के परिजनों की जानकारी मिली जब परिजनों को बच्चियों की फोटो भेजी गई, तो उन्होंने उन्हें पहचान लिया। प्रवक्ता ने आगे जानकारी देते हुए बताया कि इस समय तारा की उम्र 21 साल और गूंजनिया की उम्र 24 साल हो चुकी है। दोनों अपने परिजनों से मिलकर बहुत खुश हैं। तारा और गूंजनिया ने क्राइम ब्रांच टीम का धन्यवाद करते हुए कहा कि उन्हें तो अब ये उम्मीद भी नहीं थी कि उनके परिजन उन्हें मिलेंगे। पुलिस महानिदेशक अपराध, पीके अग्रवाल ने उपरोक्त दोनों लड़कियों को कड़ी मेहनत के बाद उनके परिवार वालों से 12 साल तथा दूसरी को 15 साल बाद मिलवाकर जो सराहनीय कार्य किया है उसके लिए स्टेट क्राइम ब्रांच के सहायक उप-निरीक्षक राजेश कुमार, मुख्य सिपाही कर्मचंद तथा सिपाही भूपेंद्र की प्रशंसा की है ।

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App