गगरेट को मिला बाढ़ संरक्षण मंडल

By: Feb 14th, 2019 12:04 am

गगरेट -संक्रांति का दिन विधानसभा क्षेत्र गगरेट के लिए बड़ी खबर लेकर आया। प्रदेश सरकार ने विधानसभा क्षेत्र गगरेट के अंतर्गत आने वाले सिंचाई एवं जनस्वास्थ्य विभाग के दो उपमंडल कार्यालयों का प्रशासनिक नियंत्रण बाढ़ संरक्षण मंडल गगरेट को देने का निर्णय किया है। इससे पहले विधानसभा क्षेत्र गगरेट के सिंचाई एवं जनस्वास्थ्य विभाग के उपमंडल कार्यालय सिंचाई एवं जनस्वास्थ्य मंडल कार्यालय-दो ऊना के अधीन थे। इससे क्षेत्र के लोगों को अपने जरूरी कार्यों के लिए ऊना का रुख करना पड़ता था। गगरेट क्षेत्र में कार्यरत आईपीएच के दो उपमंडल कार्यालयों का प्रशासनिक नियंत्रण बाढ़ संरक्षण मंडल को दिए जाने की अधिसूचना भी जारी कर दी गई है। एक तरह से कहें तो अब विधानसभा क्षेत्र गगरेट का अब सिंचाई एवं जनस्वास्थ्य मंडल कार्यालय भी अलग होगा। इसकी अधिसूचना जारी होते ही क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है। इससे पहले सिंचाई एवं जनस्वास्थ्य विभाग के ऊना स्थित मंडल कार्यालय-दो के अंतर्गत तीन विधानसभा क्षेत्र आते थे। हालांकि सिंचाई एवं जनस्वास्थ्य विभाग के मंडल कार्यालय-एक के अंतर्गत जिले के दो विधानसभा क्षेत्र आते हैं। क्षेत्र के लोगों को भी अगर पेयजल संबंधी किसी समस्या के निराकरण के लिए अपनी फरियाद अधिशाषी अभियंता तक पहुंचानी हो तो उन्हें लंबा सफर तय करके ऊना जाना पड़ता था। विधायक राजेश ठाकुर ने विधायक बनने के बाद क्षेत्र की पेयजल व सिंचाई संबंधी समस्याओं के निराकरण को प्राथमिकता के आधार पर लिया और क्षेत्र के दौरे पर आए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के समक्ष दौलतपुर चौक में सिंचाई एवं जनस्वास्थ्य विभाग का उपमंडल कार्यालय खोलने की मांग रखी थी। उसे मंजूर कर लिया गया और इसे स्थापित भी कर दिया गया।  प्रदेश भाजपा कार्यकारिणी सदस्य डा. श्याम वर्मा, रमेश, राम मूर्ति, नरेश, संदेश, प्रोमिला, नरेश, राकेश, शिव, गमन , सतीश ने कहा कि विधायक राजेश ठाकुर द्वारा अपने एक वर्ष के कार्यगकाल में गगरेट क्षेत्र के लिए एसडीएम कार्यालय, दौलतपुर चौक के लिए आईपीएच का उपमंडल कार्यालय और अब इन उपमंडल कार्यालयों का प्रशासनिक नियंत्रण बाढ़ संरक्षण मंडल को दिला कर साबित कर दिया है कि वह राजनीति में जरूर  नए हैं, लेकिन क्षेत्र के विकास को कैसे गति देनी है ये वह बखूबी जानते हैं। उधर, विधायक राजेश ठाकुर ने इसके लिए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर व सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य मंत्री ठाकुर महेंद्र सिंह का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार का यह निर्णय गगरेट क्षेत्र के लिए मील का पत्थर साबित होगा।

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App