नमो अगेन के लिए वर्कर्ज में फूंकी जान

By: Feb 11th, 2019 12:15 am

चारों सीटें जीतने का दावा, कार्यसमिति की बैठक में राजनीतिक-धन्यवाद प्रस्ताव पारित

शिमला —नरेंद्र मोदी को एक बार फिर देश के प्रधानमंत्री बनाने के लिए प्रदेश भाजपा फील्ड में उतर आई है। रविवार को शिमला में आयोजित प्रदेश भाजपा कार्य समिति की बैठक में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने नमो अगेन के लिए कार्यकर्ताओं में जान फूंक दी। प्रदेश पदाधिकारी एवं जिला अध्यक्षों की बैठक रविवार को प्रदेश कार्यालय दीपकमल में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष  सतपाल सत्ती की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में प्रदेश जयराम ठाकुर मुख्य अतिथि व पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल विशेष रूप से उपस्थित रहे। लोकसभा चुनावों से पूर्व इस बैठक में सांसद वीरेंद्र कश्यप, सांसद रामस्वरूप शर्मा, संगठन मंत्री पवन राणा, प्रदेश सरकार में मंत्री वीरेंद्र कंवर, किशन कपूर, डा. रामलाल मार्कंडेय, विपिन परमार, सरवीण चौधरी, डा. राजीव सहजल सहित सभी प्रमुख नेता उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की चारों सीटों पर हमारी जीत होगी और कांग्रेस को फिर से करारा झटका लगेगा। इसके लिए हमें अभी से ही तैयारियों में जुट जाने की आवश्यकता है। पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने उपस्थित पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि लोकतंत्र का आधार चुनाव होते हैं और चुनाव मुद्दों के आधार पर जीता जाता है। कांग्रेस ने कुछ चुनाव आजादी दिलाने और कुछ गरीबी हटाने के झूठे वादों पर जीते। वास्तविकता में कांग्रेस ने केवल देश की जनता को गुमराह किया। भ्रष्टाचारमुक्त व महंगाईमुक्त सरकार देना मोदी सरकार की सबसे बड़ी उपलब्धि है। इसी के साथ विदेश नीति व सैन्य नीति व पिछले पांच वर्षों में देश में आतंकवाद की नगण्य घटनाओं ने देश की जनता का विश्वास मोदी सरकार के प्रति बढ़ाया है। इसके विपरीत कांग्रेस ने विपक्ष में रहते हुए केवल देश तोड़ने की नीतियों का समर्थन किया है। नेतृत्व के संकट से जूझ रही कांग्रेस आज फिर से अपने झूठ से देश को गुमराह करने का प्रयास कर रही है।

महागठबंधन महज अस्तित्व की लड़ाई

धूमल ने कहा कि देश में महागठबंधन के लिए जिस तरह से जोड़-तोड़ शुरू हो चुका है, वह सिर्फ अस्तित्व बचाने की लड़ाई है। आने वाले लोकसभा चुनाव में सबसे बड़ा मुद्दा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सक्षम, विश्वसनीय एवं लोकप्रिय नेतृत्व होगा। भाजपा हिमाचल की चारों लोकसभा सीटें जीतकर एक बार पुनः नरेंद्र मोदी की पूर्ण बहुमत से सरकार बनाएगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App