16वीं लोकसभा की अंतिम बैठक में विपक्ष ने किया अध्यक्ष का धन्यवाद

By: Feb 13th, 2019 4:26 pm

16वीं लोकसभा की अंतिम बैठक में विपक्ष ने किया अध्यक्ष का धन्यवाद

सोलहवीं लोकसभा के आखिरी सत्र की अंतिम बैठक में बुधवार को सत्ता पक्ष के साथ विपक्ष ने भी अध्यक्ष सुमित्रा महाजन का धन्यवाद किया।कांग्रेस सदस्य के. सी. वेणुगोपाल ने कहा कि मोटे तौर पर देखें तो उनकी पार्टी ने सदन में सहयोग किया है। विपक्ष का काम है जनता की भावनाओं को सरकार तक पहुँचाना और जनता में व्याप्त आक्रोश को सदन में व्यक्त करने के लिए कभी-कभी उनके सदस्यों ने आक्रमक तौर-तरीके भी अपनाये। इस पर कभी-कभार अध्यक्ष ने समझाने के लिए कड़े शब्दों का भी इस्तेमाल किया। उन्होंने कहा, “अब सब कुछ जनता के हाथों में है। आपके सहयोग के लिए धन्यवाद।”तृणमूल कांग्रेस के सुदीप बंदोपाध्याय ने कहा कि संसदीय लोकतंत्र में कहा जाता है कि सदन विपक्ष का होता है, लेकिन इस लोकसभा में ऐसा नहीं हुआ। पांच साल के दौरान सत्ताधारी पार्टी ने अपने प्रचंड बहुमत के दम पर विपक्ष की आवाज दबाने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि अध्यक्ष ने बहुत प्यार से सबके साथ व्यवहार किया, लेकिन साथ ही उनका रुख कड़क भी था।

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App